:: औद्योगिक भूखंड आवंटन की प्रगति जानी, कपड़ा उद्योग के आधुनिक कार्यों की सराहना की :: बुरहानपुर/इंदौर (ईएमएस)। इंदौर संभाग के संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने अपने एक दिवसीय बुरहानपुर दौरे के दौरान जिले के औद्योगिक विकास और कपड़ा उद्योग से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने सर्वप्रथम नव-निर्मित औद्योगिक क्षेत्र पावरलूम क्लस्टर, बुरहानपुर स्थल का भ्रमण किया। उन्होंने औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की वर्तमान प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने जिले के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और विकास की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोनी ने उन्हें जिले के संपूर्ण औद्योगिक ढांचे और इकाइयों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। इसके पश्चात, संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कृष्णा स्पिनिंग मिल का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने कपड़ा निर्माण की प्रक्रियाओं, उत्पादों, उत्पादन क्षमता तथा निर्यात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। इकाई संचालक ने जिले के कपड़ा उद्योग में अपनाई जा रही आधुनिक कार्यप्रणालियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी, जिसकी संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर बुरहानपुर जिला कलेक्टर हर्ष सिंह, सीईओ जिला पंचायत सृजन वर्मा, अपर कलेक्टर वीरसिंह चौहान, महाप्रबंधक उद्योग विभाग सोनी, सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। प्रकाश/11 दिसम्बर 2025