-मध्यप्रदेश में दो साल में हुआ अकल्पनीय विकास -नक्सल मुक्त हुआ प्रदेश, 42 दिन में 42 नक्सलवादियों ने किया सरेंडर -अगले पांच साल में 100 लाख हेक्टेयर रकबे को सिंचित करने का लक्ष्य -भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश का बदला औद्योगिक परिदृश्य -नदी जोड़ो अभियान का क्रियान्वयन तेज -हम वेस्ट को वैल्यू में बदल रहे हैं, मध्यप्रदेश में कचरे और पराली से हो रहा है ऊर्जा उत्पादन -डॉ. मोहन यादव -डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नई ऊंचाइयां छू रहा मध्यप्रदेश -सुशासन, पारदर्शिता और त्वरित निर्णयों के प्रतीक हैं भाजपा सरकार के दो साल -हेमंत खण्डेलवाल भोपाल(ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल ने मध्यप्रदेश में ‘‘विकास और सेवा के दो साल’’ की उपलब्धियों पर शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में हुए विकास कार्यां की जनता साक्षी है। मात्र दो वर्ष के अल्प कार्यकाल में राज्य सरकार ने प्रदेश के विकास का परिदृश्य बदल दिया है। इन दो सालों में प्रदेश में हुआ विकास अद्भुत है, अकल्पनीय है। दो साल में ही मध्यप्रदेश दशकों से चली आ रही नक्सलवाद की समस्या से पूरी तरह मुक्त हो गया है। इससे प्रदेश के विकास की एक बड़ी बाधा दूर हो गई है। नक्सलवादियों के एमएमसी जोन (महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़) 42 दिन में 42 नक्सलवादियों ने समर्पण कर विकास की धारा से जुड़कर जीवन को चुना है। उन्होंने कहा कि लाल सलाम के खात्मे के लिए हमारे बहादुर पुलिस अधिकारियों ने जो प्रतिबद्धता दिखाई है, वह निःसंदेह अद्भुत है। उन्होंने स्वयं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ड्यूटी मांगी और अपना टारगेट तय कर उसे अचीव भी किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सभी क्षेत्रों में कार्य करने का प्रयास किया। सभी विभागों के दो साल के कार्यों की समीक्षा और आगामी 3 साल के टारगेट पर चर्चा की गई है। सभी मंत्रियों ने अपने विभाग के प्रेजेंटेशन दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास और सेवा का संकल्प लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। दुनिया में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियां और अवसर भी हमारे लिए अनुकूल होते जा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए बड़ा महत्वपूर्ण है क्योंकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा की प्रदेश सरकार अपने सफलतम 2 वर्ष पूरे कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इन दो सालों में प्रदेश सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और त्वरित निर्णयों की क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि राज्य सरकार मध्यप्रदेश को विकास की श्रेणी में अग्रणी बनाने के लिए प्राण-प्रण से काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास और सेवा के दो वर्ष-विभागवार उपलब्धियां, जिलों की विकास गाथा, जिलों की सफलता की कहानियां और नई राहें-नए अवसर (सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी) का विमोचन भी किया। सरकार ने प्रदेश की भूमि से नक्सलियों को खत्म कर दिया- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। केन-बेतवा, पीकेसी के बाद ताप्ती मेगा ग्राउण्ड वाटर रिचार्ज परियोजना की ओर हम तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा परियोजना के अंतर्गत ही मंदाकिनी-चित्रकूट के नाम पर उप परियोजना का नया प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इससे चित्रकूट धाम के आसपास भी पर्याप्त जल उपलब्ध होगा, साथ ही बिजली उत्पादन भी होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी जोड़ो परियोजना के अंतर्गत सरकार अगले पांच साल में 100 लाख हेक्टेयर से अधिक कृषि रकबे को सिंचित करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में 1988-90 से नक्सलियों की गतिविधियों की शुरुआत हुई थी। कभी ऐसी भी स्थिति रही कि राज्य में पुलिस की बसों को आग के हवाले कर दिया गया। उन्हीं के एक मंत्री की नक्सलियों ने हत्या कर दी। जबकि केंद्र और राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। आज हमें गर्व है कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में तय की गई डेडलाइन के अंदर ही राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश की भूमि से नक्सलियों को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। मध्यप्रदेश 35 साल बाद नक्सल मुक्त हुआ। इस अभियान में कुछ जवानों को शहादत भी हुई। पिछले साल प्रमोशन मिलने के बाद इंस्पेक्टर आशीष शर्मा शहीद हुए। कल दो नक्सलियों के सरेंडर के साथ मध्य प्रदेश में नक्सलियों की संख्या शून्य हो गई है। राज्य सरकार ने नक्सलियों के पुनर्वास के लिए योजना बनाई। पिछले 42 दिन में 42 सरेंडर हुए और 10 नक्सलियों को ढेर किया गया है। हम ऐसा तंत्र विकसित करेंगे, जिससे दोबारा नक्सलवादी मूवमेंट स्थापित न हो पाए। राज्य सरकार ने सभी पड़ोसी राज्यों के साथ आवश्यक समन्वय किया। प्रदेश में जल प्रबंधन की ऐतिहासिक प्रगति मुख्यमंत्री डॉ. मोहन मोहन यादव ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के माध्यम से प्रदेश में जल संरक्षण का बड़ा अभियान शुरू हुआ है। पार्वती-कालीसिंध और चंबल परियोजना के समझौते के बाद अब मध्यप्रदेश और राजस्थान को पर्याप्त जल मिल रहा है। महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर ताप्ती वॉटर रीचार्ज परियोजना पर भी कार्य हो रहा है। एक लाख करोड़ की पीकेसी परियोजना में 90 हजार करोड़ भारत सरकार दे रही है। इसी प्रकार ताप्ती परियोजना के लिए भी 70 हजार करोड़ केंद्र सरकार दे रही है। उज्जैन में पहले सिंहस्थ हुए, लेकिन श्रद्धालुओं को गंभीर नदी के जल से स्नान कराया गया। वर्ष 2016 में नर्मदा के जल से स्नान का प्रबंध कराया, लेकिन आगामी 2028 के सिंहस्थ के लिए हमने 800 करोड़ लागत से नई योजना बनाई है। अब श्रद्धालु क्षिप्रा के जल से स्नान करेंगे। राज्य के अंदर पहली बार दो नदियों- गंभीर और कान्ह को अंडर डक्ट के माध्यम से लिंक किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में निवेश, उद्योग और शिक्षा का नया दौर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पहले भोपाल में जीआईएस नहीं होती थी। भूतो न भविष्यति इसी साल फरवरी में भोपाल में पहली बार ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट (जीआईएस) हुई। रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के माध्यम से भी निवेश आया है। इसी का परिणाम है कि निवाड़ी जैसे छोटे जिले में इस्पात कारखाना खुल रहा है। झाबुआ में खाद बनाया जा रहा है। नीमच में भारत ही नहीं दुनिया का पंप स्टोरेज बना है, जिसका कार्य दो साल में पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्वीकृत 7 पीएम मित्र पार्क में से पहला पार्क का अपने जन्मदिन के अवसर पर मध्यप्रदेश के धार में भूमिपूजन किया है। राज्य सरकार ने इसमें भूमि आवंटन भी कर दिया है। विक्रम उद्योगपुरी में दवा कंपनियों ने इंडस्ट्री लगाकर उत्पादन शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के माध्यम से 55 पीएम एक्सीलेंस कॉलेज खोले गए हैं। प्रदेश में मेडिकल कॉलेज की संख्या निरंतर बढ़ाई जा रही है। अब प्रदेश में सरकारी-निजी कुल मिलाकर 52 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। राज्य सरकार पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज और चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाने के लिए 1 रुपए लीज पर जमीन दे रही है। दो वर्षों में प्रशासन, उद्योग, ऊर्जा और पर्यटन में ऐतिहासिक उपलब्धियाँ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इन दो सालों में ही हमने हुकुमचंद मिल के मजदूरों के बकाये का विवाद खत्म कराया। भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को न्याय दिलाते हुए जहरीले कचरे का निष्पादन कराया। इंदौर-उज्जैन, भोपाल-नर्मदापुरम को मेट्रोपोलिटन एरिया बनाने की योजना बनाई गई। हमारे औद्योगिक केंद्र मेट्रोपोलिटन एरिया के विकास के मुख्य आधार बनेंगे। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश में नई एविएशन पॉलिसी लेकर आए हैं। इसके तहत प्रदेश में पहली बार इंटर स्टेट और इंट्रा स्टेट एयर सर्विसेज शुरू की गई हैं। रीवा से इंदौर और दिल्ली के लिए हवाई सेवा उपलब्ध हो गई है। प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं का विकास तेजी से जारी है। चित्रकूट धाम और ओरछा धाम के विकास कार्य जारी हैं। हमने एक बगिया मां के नाम और गंगोत्री योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि देश में सबसे सस्ती बिजली मध्यप्रदेश दे रहा है। ओंकारेश्वर, नीमच में सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं। मुरैना में स्थापित हो रहा सोलर प्लांट मध्यप्रदेश के साथ-साथ उत्तरप्रदेश को भी बिजली उपलब्ध कराएगा। केन्द्र सरकार ने साइबर तहसील का पहला पुरस्कार मध्य प्रदेश को दिया है। बटवारा, ई-नामांतरण जैसी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध है। जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू किया। सड़कों के किनारे मुरम खुदाई से बने गड्डों को हम जल संचयन संरचना के रूप में विकसित कर रहे हैं। कृषि, गौ-संरक्षण, ऊर्जा और आईटी क्षेत्र में समग्र विकास का संकल्प मुख्यमंत्री डॉ. मोहन मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है। यहां 250 से अधिक नदियां बहती हैं। हम बूंद-बूंद पानी को सहेजने की योजना बना रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गौ संरक्षण के लिए नई योजना शुरू की गई है। दूध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। गोपालकों को 10 लाख रुपए तक अनुदान दिया जा रहा है। बड़ी गोशालाएं खोलने पर भी अनुदान मिलेगा। गोशालाओं के लिए 125 एकड़ भूमि भी दी जाएगी। हम वेस्ट को वैल्यू में बदल रहे हैं। प्रदेश में कचरे और पराली से ऊर्जा उत्पादन किया जा रहा है। इस क्षेत्र में कई नामी कम्पनियों ने भी रूचि व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेजों के अंदर आईटी पार्क बनाए जा रहे हैं। आईटी सिटी और एआई सिटी तैयार करने की योजना है। प्रदेश में जल्द ही ई-बसें भी शुरू की जाएंगी। गरीब कल्याण के लिए अनेक निर्णय लिए हैं। बजट को 5 साल में दोगुना करने का लक्ष्य है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय को 1 लाख 54 हजार रुपए तक बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि 2600 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं खरीदा, सोयाबीन की खरीद के लिए भावांतर योजना लॉन्च की गई। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत बहनों को दी जाने वाली मासिक राशि भी बढ़ा दी गई है। अब हमारी बहनों को हर माह 1500 रुपए दिए जा रहे हैं। सुशासन, विकास, पारदर्शिता की मिसाल-भाजपा सरकार के दो साल-हेमंत खण्डेलवाल भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने पत्रकार-वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉ. मोहन यादव की सरकार ने प्रशासन को मूल आधार मानते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए कदम उठाए हैं। गरीब, युवाओं, किसान और महिलाओं के सशक्तीकरण को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और उनके कल्याण के लिए प्रभावी प्रयास किए हैं। प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जवाबदेही की व्यवस्था को सुधारने का काम काम पारदर्शी तरीके से किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की पूर्ति में योगदान देते हुए डॉ. मोहन यादव की सरकार विकसित मध्यप्रदेश बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के विकास और गरीब कल्याण को समर्पित दो वर्ष पूर्ण होने पर मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्रिमंडल के सहयोगियों, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा प्रदेश की जनता को बधाई देता हूं। हर वर्ग के कल्याण की चिंता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि बीते दो सालों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कदम उठाए हैं। सरकार ने जनजातीय समाज के सम्मान और उत्थान को लेकर बजट में 40000 करोड़ की राशि का प्रावधान किया और वीर योद्धाओं की प्रतिमाएं स्थापित की तथा राजा भभूत सिंह जैसे नायकों के नाम पर कैबिनेट आयोजित करके उन्हें सम्मान देने का काम किया। महिला सशक्तिकरण में नई क्रांति कही जाने वाली लाडली बहना योजना में दी जाने वाली राशि बढ़ाकर डेढ़ हजार रुपये कर दी गई है। देवी अहिल्या और नारी सशक्तिकरण मिशन की शुरुआत की गई है तथा महिला उद्यमियों के लिए लगभग 275 करोड़ का प्रावधान किया गया है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया की। नए स्टार्टअप्स के लिए 50 हजार से डेढ़ लाख तक की सहायता दी। हर क्षेत्र में विकास के प्रयास भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि डॉ. मोहन यादव की सरकार ने बीते दो सालों में हर क्षेत्र में विकास के लिए अनेक प्रयास किए हैं। प्रदेश को औद्योगिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दृष्टि से बीते दो सालों में निवेश बढ़ाने के लिए सरकार ने ऐतिहासिक काम किया है। निवेश बढ़ाने के लिए 18 नई नीतियों की शुरुआत की है और नया निवेश ईको सिस्टम बनाया है। धार में पहला पीएम मित्र पार्क स्थापित किया जा रहा है, जिससे 3 लाख रोजगार पैदा होंगे तथा 6 लाख कपास उत्पादकों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों से प्रदेश को 32 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 23 लाख रोजगार पैदा होंगे। 8.57 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर आकार ले चुका है और मध्यप्रदेश में देश में तीसरा सबसे अधिक निवेश प्रस्ताव हासिल करने वाला राज्य बन गया है। संस्कृति के संवर्धन और संरक्षण के क्षेत्र में अगर देखें, तो प्रदेश सरकार ने सम्राट विक्रमादित्य, राजा भोज सहित नौ महापुरुषों के नाम पर राजधानी में द्वार स्थापित करने का निर्णय लिया है। ओंकारेश्वर, विक्रमोत्सव, राम वनगमन पथ, श्रीकृष्ण लीलाओं से जुड़े तीर्थ स्थल और मां शिप्रा का शुद्धिकरण तथा घाट निर्माण के निर्णय इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सरकार ने सिंहस्थ-2028 को दिव्य और भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रदेश सरकार ने पीएम श्री एयर एंबुलेंस जैसा नया प्रयोग करते हुए 109 से अधिक लोगों का एयरलिफ्ट किया है। 12655 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 448 संजीवनी क्लीनिक तथा 72 मोबाइल मेडिकल क्लीनिक की स्थापना सरकार ने की है। प्रदेश सरकार ने सागर, मुरैना, शहडोल, बालाघाट और नर्मदापुरम में आयुष मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है जो प्रदेश के नागरिकों को उत्कृष्ट आयुष चिकित्सा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार प्रदेश को अग्रणी बनाने के लिए प्राण-प्रण से काम कर रही- जगदीश देवड़ा उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में विकास भी, विरासत भी और सबका साथ-सबका विकास के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृत-संकल्पित हैं। राज्य सरकार मध्यप्रदेश को विकास की श्रेणी में अग्रणी बनाने के लिए प्राण-प्रण से काम कर रही है। सभी क्षेत्रों में विकास के अभूतपूर्व काम हुए हैं। दो वर्ष का हमारा कार्यकाल अनेकानेक उपलब्धियों से भरा हुआ है। पत्रकार-वार्ता में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल मंचासीन रहे। पत्रकार-वार्ता का संचालन आयुक्त जनसम्पर्क दीपक कुमार सक्सेना ने किया। हरि प्रसाद पाल /12 दिसम्बर, 2025