राज्य
10-Mar-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में जनसंपर्क विभाग द्वारा विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं को दिए गए विज्ञापनों का मुद्दा सदन में उठा। भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने 2019-20 से 2025-26 तक नेशनल हेराल्ड और नवसृजन मैगज़ीन को विज्ञापन मद में दी गई राशि, उनके कार्यालय स्थान और संचालन के बारे में सवाल उठाया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सदन में विस्तृत जवाब देते हुए बताया कि इस अवधि में नेशनल हेराल्ड को विभिन्न वर्षों में कुल राशि दी गई: 2019-20: 34 लाख रुपये,2020-21: 58 लाख रुपये,2021-22: 68 लाख रुपये ,2022-23: 1 करोड़ 28 लाख रुपये,2023-24: 1 करोड़ 36 लाख रुपये, 2024-26 के दौरान नेशनल हेराल्ड को कोई राशि नहीं दी गई। सीएम ने स्पष्ट किया कि नवसृजन मैगज़ीन को इस पूरी अवधि में विज्ञापन मद से कोई भुगतान नहीं किया गया। उन्होंने नेशनल हेराल्ड के प्रबंधक पवन बंसल का नाम लिया और कहा कि इसके मुखिया कौन हैं, यह पूरे देश को पता है। साथ ही, संडे नवजीवन को इस दौरान करीब 3 करोड़ 6 लाख रुपये का विज्ञापन दिया गया। पूरक प्रश्नों में भाजपा विधायकों ने सवाल उठाया कि क्या सरकार किसी राजनीतिक दल के विचारों के मुखपत्र को सरकारी विज्ञापन दे सकती है? यदि ऐसा हुआ है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी या नहीं? भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पूछा कि किस नीति के तहत यह विज्ञापन दिए गए और क्या इसकी जांच कराई जाएगी? मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जवाब में कहा कि विज्ञापन प्रति पृष्ठ 8 लाख रुपये की दर से दिए गए थे और यह सब विज्ञापन नियमावली 2019 के तहत किया गया। उन्होंने पूरे मामले का परीक्षण कराने का ऐलान किया। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/10 मार्च 2026