लंदन (ईएमएस)। यहां के ब्रिस्टल शहर में म्यूजियम से कई ऐतिहासिक वस्तुओं की चोरी हो गई है। इनकी संख्या 600 से अधिक बताई जा रही है। चोरी गई वस्तुओं में भारत के औपनिवेशिक काल से जुड़े कई किमती सामान भी शामिल हैं। पुलिस ने इसे अब तक की बड़ी चोरी में से एक बताया है। एवॉन एंड समरसेट पुलिस के अनुसार, चोरी 25 सितंबर की रात हुई। चोरों ने ब्रिस्टल म्यूजियम के ब्रिटिश एम्पायर एंड कॉमनवेल्थ संग्रह से ये वस्तुएं चुराईं। पुलिस ने चार संदिग्धों की सीसीटीवी तस्वीरें जारी की हैं। सभी संदिग्ध गोरे पुरुष हैं। चोरी गए सामान में हाथी के दांत से बनी बुद्ध की मूर्ति, ईस्ट इंडिया कंपनी के एक अधिकारी की कमरबंद और भारत में ब्रिटिश साम्राज्य से जुड़े सैकड़ों निजी सामान, फोटो और दस्तावेज शामिल हैं। म्यूजियम का कहना है कि यह संग्रह ब्रिटिश साम्राज्य के कामकाज और उस दौर में रहने वाले लोगों की जिंदगी को समझने का अहम जरिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई इन संदिग्धों को पहचानता है या ऑनलाइन ऐसे सामान बिकते देखता है तो तुरंत सूचना दे। पुलिस ने बताया कि ये वस्तुएं आम तौर पर बिक्री के लिए नहीं होतीं और इनका सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व बहुत ज्यागा है। ज्यादातर सामान ब्रिटिश लोगों ने दान किए थे जो कभी उपनिवेशों में रहते या काम करते थे। सुदामा नरवरे/ 13 दिसंबर 2025