- पति समेत चार लोग को गिरफ्तार बदलापुर, (ईएमएस)। बदलापुर में तीन साल पहले कांग्रेस की महिला पदाधिकारी नीरजा आंबेकर की मौत प्राकृतिक नहीं थी। चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। इस पुराने मर्डर केस का खुलासा एक दूसरे केस में गिरफ्तार हुए आरोपी से मिली जानकारी से हुआ है। इस केस में पुलिस ने नीरजा के पति रूपेश आंबेकर और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं, इस हत्या में नीरजा का झूठा मृत्यु प्रमाणपत्र देने वाले कुलगांव-बदलापुर सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों से भी पूछताछ की जाएगी। इस बीच पुलिस ने बताया है कि महिला की मौत प्राकृतिक वजहों से नहीं बल्कि किसी ज़हरीले सांप के काटने से हुई थी। जानकारी के मुताबिक, नीरजा रूपेश आंबेकर की मौत 10 जुलाई, 2022 को बदलापुर पूर्व में उज्ज्वलदीप सोसाइटी के एक घर में हुई थी। उस समय एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया गया था। पुलिस को शुरुआती जांच में कोई सबूत नहीं मिला। हालांकि, बाद में कुछ गवाहों के बयानों से पुलिस को शक हुआ। वहीं कुछ दिन पहले बदलापुर में एक युवक पर हमला हुआ था। इस हमले के मुख्य आरोपी ऋषिकेश चालके को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जब पुलिस उपनिरीक्षक राजेश गजल मामले की जांच कर रहे थे, तो पूछताछ के दौरान उन्होंने ऋषिकेश से पूछा, तुमने और क्या किया है? तब ऋषिकेश ने बातों-बातों में तीन साल पहले हुए एक हत्या का खुलासा किया, जिससे पुलिस कन्फ्यूज हो गई। ऋषिकेश ने कहा कि तीन साल पहले (2022 में) कांग्रेस की महिला पदाधिकारी नीरजा आंबेकर की मौत एक्सीडेंटल नहीं बल्कि एक मर्डर थी। इस मर्डर की साजिश नीरजा के पति और बिजनेसमैन रूपेश आंबेकर ने रची थी। इस वजह से पुलिस ने फिर से जांच शुरू की। जांच में पता चला कि मृतक महिला की अपने पति (रूपेश आंबेकर) से घरेलू वजहों से अक्सर बहस होती रहती थी। इन्हीं बहसों की वजह से उसने अपनी पत्नी को मारने का फैसला किया। इस साज़िश में उसके दोस्त ऋषिकेश रमेश चालके और कुणाल विश्वनाथ चौधरी शामिल थे। आरोपी ने पहले चेतन दुधाने नाम के एक सर्प मित्र से संपर्क किया था। उसने आरोपी को एक सांप दिया था। हत्या वाली रात, नीरजा को पैरों की मसाज करने के बहाने हॉल में पीठ के बल सुलाया गया। कुणाल चौधरी ने नीरजा के पैरों की मसाज शुरू की। इसी समय, चेतन दुधाने (जो सर्प मित्र है) ने किचन में रखे सांप को स्टीक की मदद से बोरे से निकालकर ऋषिकेश चालके को दे दिया। जब नीरजा हॉल में सो रही थी और रूपेश आंबेकर उसकी पीठ पर बैठा था, तब ऋषिकेश चालके ने नीरजा के बाएं टखने के पास सांप से तीन बार कटवा दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस जांच और तकनीकि जांच में इस बात का खुलासा हुआ। आख़िरकार तीन साल बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करके चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन पाटिल ने कहा कि इस मामले की जांच चल रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।