तिरुअनंतपूरम (ईएमएस)। केरल के वर्कला बीच पर खतरनाक माने जाने वाली एक विशाल व्हेल शार्क पर फंस गई। खौफ के बावजूद स्थानीय लोगों और टूरिस्ट्स ने मिलकर इस व्हेल शार्क की जिंदगी बचाने के लिए तीन घंटे तक लगातार संघर्ष किया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए बताया कि सुबह करीब 8 बजे वे सर्फिंग लेसन के लिए जा रहे थे। तभी उन्होंने समुद्र किनारे एक विशालकाय व्हेल शार्क को रेत पर फंसा हुआ देखा। शार्क मछुआरों के जाल में उलझ गई थी और संघर्ष करते हुए किनारे तक खिंच आई थी। उसकी हालत नाजुक थी और उसे तुरंत मदद की जरूरत थी। वीडियो में दिखता है कि कैसे लोग बिना किसी हिचकिचाहट के शार्क को वापस पानी में धकेलने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ इसके विशाल शरीर को सहारा देते हैं। कुछ पानी डालते हैं। तो कुछ इसे सही दिशा में मोड़ने की कोशिश करते हैं। कई लोगों के हाथ-पैर कट गए, छिल गए, क्योंकि व्हेल शार्क की त्वचा सैंडपेपर की तरह खुरदुरी होती है, लेकिन किसी ने पीछे हटने का नाम नहीं लिया। पहली कोशिश में शार्क को गहरे पानी तक ले जाया गया, लेकिन वह फिर वापस तट पर आ गई। आखिरकार, दो रेस्क्यू बोट पहुंचीं और शार्क की पूंछ पर रस्सी बांधकर उसे धीरे-धीरे गहरे समुद्र में ले जाया गया। कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार व्हेल शार्क ने तैरना शुरू कर दिया और तट पर मौजूद लोगों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा- मदद करने वाले सभी लोगों को सलाम! यही तो मानवता है। दूसरे यूजर ने लिखा- आने वाली पीढ़ियों को इस तरह की दयालुता देखने की ज़रूरत है। तीसरे ने लिखा- वरकला जादुई है… कल डॉल्फ़िन थीं, आज व्हेल शार्क। सुदामा/ईएमएस 14 दिसंबर 2025