मसूरी (ईएमएस)। दिल्ली रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस पार्टी द्वारा महारैली में उमड़ी लाखों की भीड़ से जहां कांग्रेसी गदगद नजर आए, वही उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी काफी जोश दिखाई दिया। हजारों की संख्या में उत्तराखंड से लोग आज दिल्ली रैली में शामिल होने आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उत्तराखंड से आए सभी कांग्रेस जनों और आम लोगों का आभार व्यक्त किया और 2027 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में परिवर्तन की बात कही। दिल्ली महारैली में उत्तराखंड के साथ ही देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचे और राहुल गांधी को सुना। उन्होंने वोट कर गद्दी छोड़ के नारे के साथ पूरे देश में परिवर्तन की बात भी कही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि देश के कोने-कोने से और उत्तराखंड से आए लोगों ने साबित कर दिया है कि अब सत्ता परिवर्तन होना तय है। उन्होंने कहा की 2027 में उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में निश्चित तौर पर परिवर्तन होगा और कांग्रेस पार्टी अपनी सरकर बनाएगी। पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली ने कहा कि मसूरी विधानसभा से हजारों की संख्या में लोग राहुल गांधी को सुनाने आए हैं इससे स्पष्ट होता है कि अब लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी ने बार-बार चुनाव आयोग को जगाने का काम किया है लेकिन चुनाव आयोग भाजपा की नीति पर काम कर रहा है। नगर निगम पार्षद देहरादून सुमेन्द्र बोहरा ने कहा कि आमजन की लड़ाई के लिए राहुल गांधी के आह्नान पर आज लाखों की संख्या में लोग पहुंचे हैं इसका असर उत्तराखंड में भी देखने को मिलेगा। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/14 दिसंबर 2025