राष्ट्रीय
16-Dec-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। गोवा के चर्चित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स—सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा—आज थाईलैंड से भारत लाए जा रहे हैं। थाईलैंड से निर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को आज दोपहर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा जाना है। इसके बाद उन्हें दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से गोवा पुलिस ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें गोवा ले जाएगी। दिल्ली में लैंडिंग का कारण यह है कि दोनों आरोपी थाईलैंड से सीधी फ्लाइट के जरिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंच रहे हैं। गोवा पुलिस की एक विशेष टीम पहले ही दिल्ली आने के लिए वहां से रवाना हो चुकी है, जो एयरपोर्ट पर ही लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में लेगी। अदालत में पेशी के बाद औपचारिक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें गोवा ले जाया जाएगा, जहां अग्निकांड से जुड़े मामले में पूछताछ की जाएगी। गौरतलब है कि 6 दिसंबर को गोवा के इस नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के कुछ ही घंटों बाद क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों दिल्ली में एक शादी समारोह में शामिल हो रहे थे। आग की खबर मिलते ही उन्होंने रातोंरात थाईलैंड के लिए फ्लाइट बुक की और सुबह देश छोड़ दिया। मामले की जांच कर रही गोवा पुलिस अब तक 60 से अधिक लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, नाइट क्लब में उस रात बॉलीवुड थीम पर पार्टी चल रही थी, जिसमें करीब 100 लोग मौजूद थे। आग रात करीब 11:45 बजे लगी और देखते ही देखते पूरे क्लब में फैल गई। जांच में सामने आया है कि अधिकांश मौतें धुएं से दम घुटने के कारण हुईं। केवल तीन लोगों की मौत जलने से हुई, जबकि बाकी पीड़ितों की जान जहरीले धुएं ने ली। हादसे में मरने वालों में 5 पर्यटक और 20 क्लब स्टाफ सदस्य शामिल थे। कई कर्मचारी रसोई और बेसमेंट में फंस गए थे, जहां से निकलने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं था। क्लब की इमारत लकड़ी और बांस जैसी ज्वलनशील सामग्री से बनी थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। हिदायत/ईएमएस 16दिसंबर25