राजीस गांधी बस स्टैंड का मामला, वसूली की नहीं दी जा रही कोई रसीद छिंदवाड़ा (ईएमएस)। राजीव गांधी बस स्टैंड में इन दिनों बसों व टैक्सियों से वसूली करने वाले ठेकेदार की मनमानी चल रही है। ठेकेदार को नगर निगम से केवल बसों व टैक्सियों से वसूली का ठेका दिया गया है लेकिन अधिक पैसों की लालच में ठेकेदार व उसके कर्मचारी आम लोगों सहित राजीव गांधी बस स्टैंड में बैठने वाले हाथ ठेला व्यापारियों व गुमठी व्यापारियोंं से भी अवैध वसूली की जा रही है। इतना ही नहीं यह कर्मचारी व्यापारियों से १०-२० रूपए की नहीं बल्कि ६० से ८० रूपए तक की वसूली कर रहे है। पैसे ना देने पर कर्मचारियों द्वारा व्यापारियों से अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। वहीं छोटे व्यापारियों को शिकायत करने पर यहां पर व्यापार ना करने देने की धमकी दी जाती है। वाहन चालकों से की जाती है मारपीट स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि ठेकेदार के कर्मचारी दुकानों में चौपहिया वाहनों से आने वाले ग्राहकों से भी टैक्स की राशि वसूली जाती है। इतना ही नहीं टैक्स वसूली की कोई रसीद भी वाहन मालिकों को इनके द्वारा नहीं दी जाती है। अगर वाहन चालक पैसे देने से इंकार करता है तो यह कर्मचारी एकसाथ होकर उसके साथ अभद्रता करते है। कई बार तो इस बात को लेकर मारपीट भी हो चुकी है। लेकिन इसके बाद भी नगर निगम इस ओर ध्यान देने का खाली नहीं है। ठेकेदार की इस मानमानी से आम लोगों के साथ साथ स्थानीय व्यापारी भी परेशान है। क्योकि मनमानी के चलते आए दिन बस स्टैंड में विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है। ईएमएस/ मोहने/ 16 दिसंबर 2025