:: नगर निगम की अनूठी पहल; अनुपयोगी कपड़े, किताबें और ई-वेस्ट जमा कर सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहे शहरवासी :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता में सिरमौर इंदौर अब रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल (RRR) के मंत्र को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकार की नई मिसाल पेश कर रहा है। नगर पालिक निगम द्वारा संचालित RRR कलेक्शन ड्राइव के अंतर्गत शहर के विभिन्न केंद्रों पर नागरिक अपने घरों का अनुपयोगी सामान उत्साहपूर्वक जमा करा रहे हैं। निगमायुक्त के मार्गदर्शन में संचालित इन केंद्रों पर नागरिक पुराने कपड़े, जूते, किताबें, प्लास्टिक का सामान और ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) सौंप रहे हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य घरों में बेकार पड़े सामान को कचरा बनने से रोकना और उसे प्रक्रिया के बाद जरूरतमंदों तक पहुँचाना है। इससे न केवल लैंडफिल साइट पर कचरे का बोझ कम हो रहा है, बल्कि समाज के वंचित वर्ग को उपयोगी वस्तुएं भी प्राप्त हो रही हैं। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनकर पर्यावरण और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। नागरिक अपने नजदीकी #RRRCenter पर जाकर अनुपयोगी वस्तुएं दान कर सकते हैं। अभियान को मिल रहे जन-समर्थन को देखते हुए निगम आने वाले दिनों में इसके दायरे को और विस्तृत करने की योजना बना रहा है। प्रकाश/16 दिसम्बर 2025