अदिस अबाबा (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इथोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के बीच मंगलवार को अदीस अबाबा में हुई द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक में भारतीय पीएम ने दोनों देशों के संबंधों को सामरिक साझेदारी के स्तर तक लेकर जाने की घोषणा की है। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश अफ्रीकी डिप्लोमैसी का मुख्य केंद्र है। एक समावेशी विश्व के साझा विजन से प्रेरित होकर भारत ने 2023 में यह सुनिश्चित किया कि अब अफ्रीकी संघ जी-20 का सदस्य बनेगा। इन्हीं सभी पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए हम भारत- इथोपिया संबंधों को सामरिक साझेदारी के स्तर पर लेकर जा रहे हैं। यह कदम हमारे संबंधों को नई ऊर्जा, गति और गहराई प्रदान करेगा। पीएम ने कहा, भविष्य की अपार सम्भावनाओं को साकार करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार होगा। आज हमें हमारे सहयोग के प्रमुख आयामों जैसे अर्थव्यवस्था, नवाचार, तकनीक, रक्षा, स्वास्थ्य, क्षमता विकास और बहुपक्षीय सहयोग के क्षेत्रों में विचार- विमर्श करने का मौका मिला। हमने भारत में इथोपिया के लिए छात्रों के लिए छात्रवृत्ति को दोगुना करने का निर्णय लिया है। पहलगाम आतंकी हमले पर प्रधानमंत्री अली की संवेदनाओं और आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में आपके समर्थन के लिए मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं। इस लड़ाई में मित्र देशों का हमारे साथ होना बहुत मायने रखता है। इथोपिया की यात्रा करके मुझे बहुत खुशी होती रही है। यह इथोपिया का मेरा पहला दौरा है। भारत, इथोपिया के बीच हजारों वर्षों के संपर्क और आदान-प्रदान होता रहा है। अनेक भाषाओं और समृद्ध परंपराओं से समृद्ध हमारे दोनों देश विविधता में एकता का प्रतीक हैं। दोनों शांति और मानव कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध लोकतांत्रिक शक्तियां हैं। हम ग्लोबल साउथ के सहयात्री और साझेदार भी हैं। वैश्विक मंचों पर भी हमारे बीच मजबूत सहयोग बना हुआ है और हम वहां पर भी कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/17दिसंबर2025