राज्य
17-Dec-2025


:: विधानसभा का विशेष सत्र : आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के रोडमैप पर गहन विमर्श :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश विधानसभा में बुधवार को आयोजित विशेष सत्र एक ऐतिहासिक विमर्श का गवाह बना। आत्मनिर्भर एवं विकसित मध्यप्रदेश-2047 के विजन को समर्पित इस सत्र की चर्चा की शुरुआत करते हुए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रदेश के नवनिर्माण का संकल्प प्रस्तुत किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मध्यप्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सबका सम्मान और सबका योगदान हमारा मूल मंत्र है। सामूहिक प्रयासों से विकास की नई ऊंचाई सदन को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास के जिस मुकाम पर खड़ा है, वह किसी एक व्यक्ति या दल की नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयासों, दूरदर्शी नीतियों और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के विकास की यात्रा में समाज के हर वर्ग और सदन के हर सदस्य का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और सम्माननीय है। विकसित भारत-2047 में अग्रणी भूमिका मंत्री विजयवर्गीय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि मध्यप्रदेश इस राष्ट्रीय लक्ष्य की प्राप्ति में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस सत्र को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि आज होने वाला विमर्श यह सुनिश्चित करेगा कि आने वाले वर्षों में मध्यप्रदेश विकास के नए वैश्विक मानक स्थापित करे। विजयवर्गीय के संबोधन ने स्पष्ट कर दिया कि सरकार केवल वर्तमान की चुनौतियों का समाधान नहीं कर रही, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुदृढ़, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की नींव रख रही है। उन्होंने आह्वान किया कि 2047 तक प्रदेश को पूर्णतः विकसित राज्य बनाने के इस महायज्ञ में हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए। प्रकाश/17 दिसम्बर 2025