सोनभद्र (ईएमएस)। अंगीठी की चिंगारी से लगी आग में 70 साल की वृद्धा जिंदा जल गई। घटना के दौरान परिवार के लोग दूसरे कमरे में सोए थे। वृद्धा ने ठंड से बचने के लिए चारपाई पर पुआल भी डाल रखा था। दो दिन पहले ही महिला को लकवा भी लगा था। घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। बभनी थाना क्षेत्र के चकचपकी कारीडांड गांव में बुधवार रात यह घटना हुई। पुलिस के अनुसार राजकुंवर (70) पत्नी जद्दू गोंड रोजाना की तरह शाम को खाना खाने के बाद कमरे में सो रहीं थीं। जबकि परिवार के अन्य लोग दूसरे कमरे में सो रहे थे। वृद्धा ने ठंड से बचने के लिए चारपाई पर पुआल डाल रखा था। पास में ही अंगीठी भी जल रही थी। रात में किसी समय अंगीठी से निकली चिंगार से चारपाई में आग लग गई। इससे बिस्तर ने भी आग पकड़ ली। वृद्धा जलने लगी। चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़ पड़े। आसपास के लोग भी पहुंच गए। सभी ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक राजकुंवर की जलकर मौत हो चुकी थी।