मस्कट (ईएमएस)। वर्ष 2020 में ओमान के वर्तमान सुल्तान और प्रधानमंत्री हैथम बिन तारिक अल सईद अपने चचेरे भाई सुल्तान काबूस बिन सईद के निधन के बाद सत्ता संभाली। सुल्तान काबूस ने अपनी वसीयत में ही उन्हें उत्तराधिकारी नामित कर दिया था। उनका राज्यारोहण ओमान के इतिहास में एक शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित सत्ता हस्तांतरण के रूप में दर्ज हुआ। पारिवारिक जीवन में सुल्तान हैथम एक पत्नी और चार बच्चों के पिता हैं। 2021 में उनके बड़े बेटे सैयद थेयाजिन को ओमान का पहला क्राउन प्रिंस घोषित किया गया। 11 अक्टूबर 1955 को जन्मे सुल्तान हैथम अल सईद राजवंश के प्रमुख सदस्य हैं, जो बीते करीब 300 वर्षों से ओमान पर शासन करता आ रहा है। सुल्तान हैथम ने ब्रिटेन के प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के पेम्ब्रोक कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की और 1979 में विदेश सेवा कार्यक्रम से स्नातक किया। इसके बाद उन्होंने लंबे समय तक ओमान की सरकार में विभिन्न अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वह सुल्तान काबूस के शासनकाल में विरासत और संस्कृति मंत्री रहे और देश की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर मजबूती से प्रस्तुत करने में अहम भूमिका निभाई। सुल्तान हैथम अपनी बेहद वैभवशाली जीवनशैली के लिए भी जाने जाते हैं। ओमान में उनके पास छह भव्य महल हैं, जिनमें लगभग 200 साल पुराना अल आलम पैलेस सबसे प्रसिद्ध है। इसके अलावा फ्लैग पैलेस जैसे शाही आवास अपनी ऐतिहासिक भव्यता के लिए जाने जाते हैं। इन महलों में संगमरमर से सजे भवन, अतिथि विला, स्विमिंग पूल, स्पा और विशाल बगीचे शामिल हैं, जिनकी सुरक्षा मीरानी और जलाली जैसे ऐतिहासिक किलों द्वारा की जाती है। उनकी संपत्तियां ओमान तक सीमित नहीं हैं। ब्रिटेन में, खासतौर पर लंदन और दक्षिणी इंग्लैंड में, उनकी कम से कम नौ संपत्तियां बताई जाती हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 100 मिलियन डॉलर आंकी जाती है। शाही बेड़े में बोइंग 747 और एयरबस ए 320 जैसे अत्याधुनिक विमान शामिल हैं। वहीं, 600 मिलियन डॉलर की आलीशान यॉट ‘अल सैद’ को दुनिया की सबसे भव्य निजी नौकाओं में गिना जाता है। सुदामा/ईएमएस 20 दिसंबर 2025