ज़रा हटके
20-Dec-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। क्रिसमस को अक्सर जश्न, रौशनी और उपहारों के त्योहार के रूप में देखा जाता है, लेकिन इसके साथ जुड़ा स्वाद और परंपराओं का पहलू भी उतना ही खास है। दुनियाभर में क्रिसमस के मौके पर केक सिर्फ मिठाई नहीं, बल्कि संस्कृति और इतिहास का प्रतीक माने जाते हैं। हर देश में क्रिसमस केक को स्थानीय स्वाद, मौसम और परंपराओं के अनुसार तैयार किया जाता है। कहीं केक हफ्तों पहले बनकर तैयार हो जाता है, तो कहीं ताजे स्पंज और क्रीम के साथ इसे क्रिसमस ईव पर काटा जाता है। यही वजह है कि क्रिसमस केक दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अलग पहचान रखते हैं। 1.ब्रिटिश क्रिसमस केक: ब्रिटेन में क्रिसमस का मतलब है भारी-भरकम फ्रूट केक, जिसमें ढेर सारे ड्राई फ्रूट, नट्स और मसाले मिलाए जाते हैं। इस केक में ब्रांडी या रम डाली जाती है और इसे कई हफ्तों पहले तैयार किया जाता है, ताकि फ्लेवर गहराई से सेट हो जाए। ऊपर से मार्जिपन और रॉयल आइसिंग इसे रॉयल लुक देती है। 2.जर्मन स्टॉलेन : जर्मनी में क्रिसमस के दौरान क्राइस्टस्टॉलेन बेहद लोकप्रिय है, जो केक से ज्यादा ब्रेड जैसा होता है। इसमें ड्राई फ्रूट, नट्स और मसालों के साथ बीच में मार्जिपन डाला जाता है, जिसे बेबी जीसस के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है और ऊपर से पाउडर शुगर की मोटी परत चढ़ाई जाती है। 3.इतालवी पनेत्तोने: इटली में क्रिसमस बिना पनेत्तोने के अधूरा माना जाता है। ऊंचे गोल आकार वाला यह हल्का और फूला हुआ केक किशमिश और कैंडिड फ्रूट से भरा होता है। 4.जापानी क्रिसमस केक: जापान में क्रिसमस का केक बिल्कुल अलग अंदाज का होता है। वहां हल्का स्पंज केक, व्हिप्ड क्रीम और स्ट्रॉबेरी के साथ क्रिसमस ईव पर केक काटना खुशियों और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। 5.ऑस्ट्रेलियाई पावलोवा: ऑस्ट्रेलिया में चूंकि क्रिसमस गर्मियों में आता है, इसलिए वहां भारी केक की जगह पावलोवा जैसे हल्के डेज़र्ट को तरजीह दी जाती है। मुरिंगी बेस पर बने इस डेज़र्ट को ताजे फलों से सजाया जाता है। 6.फ्रेंच ब्यूश डे नोएल: वहीं फ्रांस में ब्यूश डे नोएल यानी यूल लॉग केक क्रिसमस की पहचान है, जिसे लकड़ी के लट्ठे जैसा सजाया जाता है और स्पंज केक व चॉकलेट गनाश से तैयार किया जाता है। 7.कैरेबियन ब्लैक केक: कैरेबियन देशों में ब्लैक केक का अलग ही क्रेज है। रम में लंबे समय तक भिगोए गए ड्राई फ्रूट और ब्राउन शुगर से बना यह केक स्वाद में गहरा और मसालेदार होता है। कुल मिलाकर, ये क्रिसमस केक सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि हर देश की संस्कृति, मौसम और परंपरा की मिठास को एक साथ समेटे हुए हैं, जो क्रिसमस को सचमुच एक ग्लोबल फेस्टिवल बना देते हैं। डेविड/ईएमएस 20 दिसंबर 2025