मनोरंजन
21-Dec-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ रिलीज के वक्त जहां कई विवादों में घिरी रही, वहीं बॉक्स ऑफिस पर इसने जबरदस्त सफलता हासिल कर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और प्रियंका चोपड़ा के अभिनय से सजी यह फिल्म की 10वीं वर्षगांठ पर भंसाली प्रोडक्शंस ने एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसने दर्शकों की यादों को ताजा कर दिया। इस मौके पर फिल्म से जुड़े कई ऐसे दिलचस्प तथ्य सामने आए हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। बहुत कम लोगों को पता है कि संजय लीला भंसाली ने शुरुआत में बाजीराव और मस्तानी के किरदारों के लिए सलमान खान और ऐश्वर्या राय की जोड़ी को कास्ट करने पर गंभीरता से विचार किया था। दरअसल, ‘खामोशी: द म्यूजिकल’ के समय से ही भंसाली के मन में ‘बाजीराव मस्तानी’ बनाने का सपना था और उसी दौर में उन्होंने सलमान खान के साथ इस फिल्म की तैयारी शुरू कर दी थी। किरदारों का लुक, फिल्म का स्केल, बजट और भव्य कॉस्ट्यूम तक लगभग तय किए जा चुके थे, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल नहीं बन पाईं। जब सलमान और ऐश्वर्या की जोड़ी पर बात नहीं बनी, तो सलमान ने मस्तानी के किरदार के लिए कैटरीना कैफ का नाम सुझाया। हालांकि, उस समय कैटरीना का शेड्यूल बेहद व्यस्त था। इसके अलावा, भंसाली उन्हें उर्दू संवाद बोलते और युद्ध करते हुए मस्तानी के रूप में कल्पना नहीं कर पा रहे थे। इसके बाद सलमान खान और करीना कपूर की जोड़ी बनाने की कोशिश भी की गई, लेकिन दोनों कलाकारों की डेट्स मेल न खाने के कारण यह विकल्प भी अधूरा रह गया। काशीबाई के किरदार को लेकर भी फिल्म में बड़ा बदलाव हुआ। साल 2003 में यह रोल भूमिका चावला को ऑफर किया गया था, लेकिन लुक टेस्ट के दौरान एक हादसे में उनकी साड़ी में आग लग गई। इस घटना के बाद काशीबाई का किरदार प्रियंका चोपड़ा को मिला, जिन्होंने अपनी दमदार अदाकारी से इस रोल को यादगार बना दिया। बाजीराव के मुख्य किरदार के लिए अजय देवगन को भी अप्रोच किया गया था, लेकिन उनकी फीस ज्यादा होने के कारण मेकर्स को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद यह भूमिका रणवीर सिंह को मिली। भंसाली और रणवीर पहले ही ‘गोलियों की रासलीला: राम-लीला’ में साथ काम कर चुके थे और रणवीर की जिद और भरोसे के चलते उन्हें इस फिल्म के लिए साइन किया गया। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की जोड़ी पहले ही दर्शकों के दिलों में जगह बना चुकी थी। ऐसे में मेकर्स ने एक बार फिर इस जोड़ी पर भरोसा जताया। सुदामा/ईएमएस 21 दिसंबर 2025