भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के नज़दीक नजीराबाद थाना इलाके में स्थित ग्राम बीलखो में रहने वाले 17 साल के किशोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किये जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। किशोर काम करके खाना खाने घर आया था। उस समय घर में कोई नहीं था। पुलिस का कहना है, कि जांच के बाद कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस के मुताबिक ग्राम बीलखो, नजीराबाद निवासी अमर सिंह अहिरवार (17) मेहनत-मजदूरी करता था। शुक्रवार दोपहर वह खाना खाने घर आया था। पड़ोस में रहने वाले दो-तीन अन्य लड़के भी उसके साथ ही काम करते थे, और वे भी खाना खाने घर आए थे। जब काफी देर बाद भी अमर सिंह घर से बाहर नहीं आया तब पड़ोस में रहने वाले लड़के उसे देखने घर के अंदर पहुंचे। वहां कमरे में उसका शरीर फांसी के फंदे पर लटका नज़र आया। गांव वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि घटना के समय अमर सिंह के माता-पिता एक दिन पहले विदिशा में किसी रिश्तेदार के घर गए थे। उसका छोटा भाई घटना के समय बकरी चराने गया था। आगे की जांच में पुलिस परिवार वालों और उसके दोस्तों के बयान दर्ज करेगी इसके बाद ही आत्महत्या का कारण साफ हो सकेगा। जुनेद / 21 दिसंबर