राज्य
25-Dec-2025
...


कांकेर(ईएमएस)। नरहरपुर में एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजना के तहत रबी फसल प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान किसानों को उन्नत चना किस्म RVG 204 वितरण कर, जैविक फफूंदी नाशक के माध्यम से बीजोपचार के बाद सीड ड्रिल मशीन द्वारा कतारबद्ध बुआई करवाई गई। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि, जितेंद्र कुमार कोमरा ने खेत का निरीक्षण किया और किसानों को भूमि चयन की विधि, चना फसल के लिए उपजाऊ भूमि की विशेषताएं तथा RVG 204 किस्म की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह किस्म उच्च उत्पादन क्षमता, रोग प्रतिरोधक और कम समय में पकने वाली है, जिससे किसानों को अधिक लाभ मिलेगा। साथ ही संतुलित उर्वरक, समय पर सिंचाई, कीट एवं रोग पहचान और नियंत्रण के उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, दिनेश कुमार कुंजाम ने बीजोपचार का जीवंत प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि बीजोपचार से बीज जनित रोगों से सुरक्षा मिलती है, अंकुरण क्षमता बढ़ती है और फसल की शुरुआती वृद्धि बेहतर होती है। किसानों को जैविक बीजोपचार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे लागत कम और पर्यावरण सुरक्षित रहता है। सहायक उप अभियंता कृषि अभियांत्रिकी, सीएल बिसेन ने सीड ड्रिल मशीन से कतारबुआई के लाभ समझाए। उन्होंने कहा कि कतारबुआई से पौधों के बीच उचित दूरी बनी रहती है, बीज की बचत होती है और निराई-गुड़ाई व सिंचाई सरल हो जाती है, जिससे उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। कार्यक्रम में BTM नरहरपुर रोशन निषाद, ATM नरहरपुर विनोद चतुर्वेदी, प्रभात मंडल, लखमा टेकाम, प्रेम सिंह नेताम, मित लाल मंडावी सहित कई किसान उपस्थित रहे।