कांकेर(ईएमएस)। शहर के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम उसेली में धर्मांतरण को लेकर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक धर्मांतरित परिवार के घर पर तोड़फोड़ की गई। घटना सुबह करीब 9.30 बजे की बताई जा रही है, जब कुछ लोग एक महिला के घर पहुंचे और धर्मांतरण को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, घर पहुंचे लोग परिवार पर मूल धर्म में वापस लौटने का दबाव बना रहे थे। महिला द्वारा इनकार किए जाने पर विवाद बढ़ गया और आक्रोशित लोगों ने घर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। घटना से गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही आमाबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा विवाद टल गया। एडिशनल एसपी दिनेश सिन्हा ने बताया कि धर्मांतरित परिवार की एक महिला के घर तोड़फोड़ की सूचना पर तत्काल पुलिस बल भेजा गया था। फिलहाल हालात सामान्य हैं। उन्होंने कहा कि अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए प्रकरण दर्ज नहीं किया गया है। शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।