क्षेत्रीय
25-Dec-2025


धनबाद(ईएमएस)। महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती गुरुवार को धनबाद में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर रणधीर वर्मा चौक स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम से पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिमा की साफ-सफाई की गई तथा आसपास के परिसर को भी स्वच्छ किया गया। इसके बाद उपस्थित भाजपा नेताओं और समर्थकों ने मालवीय के चित्र व प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और योगदान को स्मरण किया।मौके पर मौजूद भाजपा नेता मुकेश पांडेय ने कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान अतुलनीय है। काशी हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना कर उन्होंने देश में उच्च शिक्षा को नई दिशा दी। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित रहा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। कार्यकर्ताओं ने पंडित अटल बिहारी वाजपेई के तस्वीर पर माल्यार्पण किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक, स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने महामना के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कर्मवीर सिंह/25दिसंबर/25