राज्य
25-Dec-2025
...


:: संपूर्ण आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे का नाम बदलने के लिए केंद्र और राज्य शासन को भेजा जाएगा मांग पत्र :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर नगर निगम की महापौर परिषद की विशेष बैठक में आज एक युगांतरकारी निर्णय लेते हुए शहर की जीवनरेखा माने जाने वाले आगरा-मुंबई मार्ग (एबी रोड) का नामकरण देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने की स्वीकृति दी गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर इंदौर नगर निगम की सीमा के अंतर्गत आने वाले एबी रोड को अब श्री अटल बिहारी वाजपेयी मार्ग के नाम से नई पहचान दी गई है। यह ऐतिहासिक निर्णय अटल जी की 101वीं जयंती के गौरवशाली अवसर पर उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को समर्पित करते हुए लिया गया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस निर्णय के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि अटल जी ने अपने प्रधानमंत्री काल में स्वर्ण चतुर्भुज योजना के माध्यम से देशभर में सड़कों और संपर्क मार्गों का एक अभूतपूर्व नेटवर्क विकसित किया था, जिसने आधुनिक भारत के विकास को नई दिशा और गति प्रदान की। ऐसे महामानव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए उनकी जन्म शताब्दी वर्ष में यह कदम उठाया गया है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि निगम सीमा के साथ-साथ अब संपूर्ण आगरा-मुंबई रोड (राष्ट्रीय राजमार्ग) का नामकरण भी अटल जी के नाम पर करने हेतु मध्यप्रदेश शासन एवं भारत सरकार को एक औपचारिक अनुशंसा एवं मांग पत्र प्रेषित किया जाएगा। बैठक के दौरान नगर निगम कमिश्नर दिलीप कुमार यादव सहित महापौर परिषद के सदस्य राजेंद्र राठौर, निरंजन सिंह चौहान, अश्विनी शुक्ल, राजेश उदावत, नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा, राकेश जैन और मनीष शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी एमआईसी सदस्यों ने इस प्रस्ताव का हर्ष ध्वनि के साथ स्वागत किया और इसे इंदौर के गौरव में एक और महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उल्लेखनीय है कि एबी रोड इंदौर की आर्थिक, व्यावसायिक और सामाजिक गतिविधियों का मुख्य केंद्र है और अब अटल जी के नाम से जुड़ने के बाद यह मार्ग नागरिकों को सदैव उनके सुशासन और राष्ट्र प्रथम के संकल्पों की याद दिलाता रहेगा। इस निर्णय के तत्काल बाद निगम प्रशासन ने मार्ग पर नई नाम पट्टिकाएं लगाने और संबंधित वैधानिक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने की तैयारी प्रारंभ कर दी है। प्रकाश/25 दिसम्बर 2025