दुर्ग(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। पुलगांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान उत्तरा देशमुख (50 वर्ष) निवासी कोल्हियापुरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उत्तरा देशमुख केपीएस स्कूल, दुर्ग में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थीं। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे ड्यूटी के लिए पैदल घर से निकली थीं। पुलगांव चौक पर सड़क पार करते समय अचानक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलगांव थाना प्रभारी अमित अदानी ने बताया कि मृतका सुबह अपने कार्यस्थल जा रही थी, तभी पुलगांव चौक पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए वाहन और चालक की पहचान की जा रही है।