क्षेत्रीय
26-Dec-2025


छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा विकसित किए जा रहे ऐतिहासिक पर्यटन ग्राम देवगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और शांति ने शुक्रवार को कलेक्टर हरेंद्र नारायन को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने होमस्टे के बरामदे में बैठकर चारों ओर फैली हरियाली, पहाडय़िों और शांत वातावरण के बीच कुछ पल प्रकृति के साथ बिताए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे। मोहखेड़ जनपद का ग्राम देवगढ़ चारों ओर पहाडिय़ों, वादियों, खेतों और बागानों से घिरा हुआ है। यहां की स्वच्छ हवा, सुकून भरा वातावरण और मनोहारी प्राकृतिक दृश्य पर्यटकों को प्रकृति से सीधे जुडऩे का अनुभव प्रदान करते हैं। यही कारण है कि देवगढ़ अब शांति और विश्राम के लिए पसंदीदा पर्यटन स्थल बनता जा रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ देवगढ़ ऐतिहासिक दृष्टि से भी अत्यंत समृद्ध है। यहां स्थित राजाओं के प्राचीन किले, बावडिय़ों और विरासत से जुड़ी संरचनाएं गांव के गौरवशाली अतीत की झलक पेश करती हैं। इतिहास और प्रकृति का यह दुर्लभ संगम देवगढ़ को अन्य पर्यटन स्थलों से अलग पहचान देता है। १२ होमस्टे हो रहे संचालित वर्तमान में देवगढ़ में 12 होमस्टे संचालित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक आतिथ्य और ग्रामीण जीवनशैली को नजदीक से देखने-समझने का अवसर मिल रहा है। होमस्टे व्यवस्था ने न केवल पर्यटन को बढ़ावा दिया है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खोले हैं। भ्रमण के दौरान कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने अधिकारियों को देवगढ़ के पर्यटन महत्व को देखते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि आने वाले समय में अधिक से अधिक पर्यटक इस प्राकृतिक और ऐतिहासिक ग्राम की ओर आकर्षित हो सके। ईएमएस / 26/12/2025