क्षेत्रीय
27-Dec-2025


रांची(ईएमएस)।परमवीर चक्र विजेता और भारत-पाक युद्ध में वीरगति को प्राप्त करने वाले लांस नायक अल्बर्ट एक्का कि 27 दिसंबर को 83 वी जयंती मनाई गई।अल्बर्ट एक्का की जयंती के मौके पर राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक स्थित अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने माल्यार्पण किया और नमन किया।इस मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का को याद किया। उन्होंने कहा कि परमवीर अल्बर्ट एक्का रांची ही नहीं बल्कि देश के वीर सपूत थे। रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि भारत माता की रक्षा के लिए अल्बर्ट एक्का ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।आज हम सब उन्हें नमन करते हैं। अल्बर्ट एक्का की जयंती पर स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा की गई उपेक्षा पर रक्षा राज्य मंत्री ने क्षोभ व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस बार और पिछले साल भी अल्बर्ट एक्का की जयंती पर जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा उन्हें याद नहीं करना एक गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों और विज्ञापनों पर सरकार जहां करोड़ों खर्च करती है वही अल्बर्ट एक्का की जयंती पर उन्हें भुला देना कहीं से उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि इस मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।इस अवसर महानगर भाजपाध्यक्ष वरुण साहू,जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, संजीव चौधरी सहित कई कार्यकर्ता मंडल के अध्यक्ष और नागरिक मौजूद रहे। कर्मवीर सिंह/27दिसंबर/25