कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम पाली में एक नाबालिग लड़की का शव जंगल क्षेत्र में मिला हैं। उसकी मृत्यु के मामले में उसके कथित ख़ास पुरुष मित्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। परिजनों का आरोप है कि उक्त युवक लगातार लड़की पर शक करता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था, जिससे वह गहरे तनाव में थी। पुलिस ने जांच उपरांत बताया की उक्त कथित ख़ास पुरुष मित्र अकसर लड़की के चरित्र पर संदेह जताता था और उसे धोखा देने के आरोप लगाकर झगड़ा करता था। परिजनों ने बताया कि 27 नवंबर को लड़की अपने भाई-बहन के साथ बाजार गई थी। इसके बाद वह घर से लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। दो दिन बाद ग्राम के पास जंगल क्षेत्र में उसका शव मिला, जिसकी पहचान परिजनों ने की। परिजनों का आरोप है कि लापता होने के दौरान लड़की कथित आरोपी से मिलने गई थी, जहाँ दोनों के बीच विवाद हुआ। लगातार मानसिक दबाव से वह टूट चुकी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान कथित आरोपी ने संबंध और प्रताड़ना की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। 28 दिसंबर / मित्तल