इन्दौर (ईएमएस) वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जनसिह वर्मा, मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्षा रीना बौरासी सेतिया, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और राजेश चौकसे के मुख्य आतिथ्य में शहर कांग्रेस द्वारा कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें पहली बार वरिष्ठ कांग्रेसी सदस्यों को गांधी अवार्ड से अलंकृत किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिटू चौकसे और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के नेतृत्व में शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस के इस स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाने के साथ ही भाजपा द्वारा लोकतंत्र और संविधान को समाप्त करने के कथित षडयंत्र को विफल करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सेवादल अध्यक्ष मुकेश यादव के नेतृत्व में ध्वज बदलने और सलामी समारोह के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित नेताओं ने अपने संबोधन में कांग्रेस की विचारधारा, सिद्धांत और देश के लिए एकता-भाईचारे की आवश्यकता पर जोर देते कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई सभी धर्मों के बीच मिलजुलकर एक भारत बनाना है। वरिष्ठ नेता सज्जनसिह वर्मा ने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी के नाम को हटाने की जो साजिश रची जा रही है, उसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब भारतीय मुद्रा से गांधीजी का नाम हटाने की योजना भी बना रही है। आनन्द पुरोहित/ 29 दिसंबर 2025