क्षेत्रीय
29-Dec-2025
...


निगम कर्मियों ने दबंगई के खिलाफ बुलंद की आवाज, काली पट्टी बांधकर किया विरोध कटनी (ईएमएस)। नगर निगम कटनी में कर्तव्य निर्वहन के दौरान कर्मचारियों के साथ हुई अभद्रता और धमकी की घटना ने अब कानून बनाम दबंगई का रूप ले लिया है। नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ी वाहन पर व्हील लॉक किए जाने से नाराज वाहन मालिक श्याम सुंदर पाण्डेय द्वारा निगम कर्मचारियों से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा निगमायुक्त व महिला अधिकारी के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया। इस घटना के विरोध में सोमवार को मध्यप्रदेश नगर निगम, नगर पालिका कर्मचारी संघ (म.प्र. शासन से मान्यता प्राप्त) के बैनर तले नगर निगम कटनी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी एकजुट होकर निगम गेट के बाहर एकत्रित हुए और काली पट्टी बांधकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारी संघ द्वारा थाना प्रभारी, कोतवाली कटनी को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए बताया गया कि दिनांक 27 दिसंबर 2025 को अतिक्रमण विभाग द्वारा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित किया। वाहन हटाने के अनुरोध पर आरोपी ने कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए डंडा निकाल लिया, गाली-गलौज की तथा निगमायुक्त के प्रति अमर्यादित टिप्पणी कर जान से मारने की धमकी दी। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। प्रदर्शन के उपरांत बड़ी संख्या में निगम अधिकारी-कर्मचारी लंब बंद कर थाना कोतवाली पहुंचे और सीएसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी की 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी, निगम कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। कर्मचारी संघ ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो निगम कर्मचारी आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। कर्मचारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि प्रशासनिक मर्यादा, महिला अधिकारियों के सम्मान और सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए है। यह घटना एक बार फिर यह प्रश्न खड़ा करती है कि यदि कर्तव्य निभाते सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होगी, तो कानून व्यवस्था और प्रशासनिक अनुशासन कैसे कायम रहेगा। .../ 29 ‎दिसम्बर /2025