नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिणी दिल्ली में लोहिया पुल से 23 दिसंबर को आगरा नहर में कूदे 25 वर्षीय ज्ञानेंद्र का छह दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। एनडीआरएफ की टीम ने पलवल के छज्जूनगर तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। जैतपुर पुलिस ने हरियाणा और यूपी पुलिस को भी सूचित किया है। युवक नशे की हालत में कूदा था। ठंड के कारण शव के ऊपर न आने की आशंका है। उधर, इस हादसे के बाद नहर में लापता युवक का परिवार अपने गांव चला गया है। जैतपुर थाना पुलिस ने युवक के नहर में गिरे होने की सूचना हरियाणा पुलिस के अलावा यूपी पुलिस को भी दे दी है। हरियाणा व यूपी पुलिस के जिन थाना क्षेत्रों से होकर आगरा नहर गुजरती है। उन सभी को इत्तला दी जा चुकी है। 23 दिसंबर की शाम को करीब चार बजे के आसपास हरीनगर में किराए पर रहने वाला 25 वर्षीय ज्ञानेंद्र लोहिया पुल से आगरा नहर में कूद गया था। उस वक्त वह नशे में था। पुलिस को एक प्रत्यक्षदर्शी सांइ्बाबा नामक व्यक्ति ने इत्तला दी थी कि युवक नहर में कूदा है। उसी दिन से लगातार युवक की नहर में तलाश की जा रही है। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/29/ दिसंबर/2025