नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह का जिक्र कर की सोनिया गांधी की तारीफ नई दिल्ली,(ईएमएस)। कांग्रेस की अंतर्कलह अब जग जाहिर हो गई है। अब तक शशि थरूर के बयान ही पार्टी को टेंशन देते थे, लेकिन अब राजनीतिक के दिग्गज और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के एक बयान ने भी पार्टी को चिंता में डाल दिया है। सिंह ने बीते सप्ताह पीएम मोदी की एक फोटो शेयर की थी, जिसमें वह दरी पर बैठे दिखते हैं, जबकि लालकृष्ण आडवाणी समेत कई नेता कुर्सियों पर बैठे हैं। ऐसे में उनके पीएम बनने की कहानी को आरएसएस और बीजेपी की सफलता बताते हुए दिग्विजय सिंह ने उनकी तारीफ की थी। उनके इस पोस्ट का उद्देश्य क्या था। इस पर दिग्विजय सिंह सफाई ही दे रहे हैं, लेकिन इस पर विवाद खड़ा हो गया है। अब तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने दिग्विजय पर बिना नाम लिए सवाल उठाए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रेवंत रेड्डी ने एक ट्वीट किया है, जिसमें सोनिया गांधी की तारीफ की है। दिग्विजय सिंह की ओर से पीएम मोदी को लेकर लिखे जाने का जवाब रेवंत रेड्डी ने नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह का जिक्र करके दिया। इसके अलावा पार्टी की लीडर सोनिया गांधी की तारीफ भी की है। रेड्डी ने लिखा- 140 साल पहले कांग्रेस की स्थापना हुई थी। कांग्रेस की कहानी भारतीय लोकतंत्र की भी कहानी है। सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सेवा, प्रतिबद्धता और मूल्यों की राजनीति की है। उनकी लीडरशिप में तेलंगाना के एक सुदूर गांव के रहने वाले पीवी नरसिम्हा राव गारू पीएम बने थे। फिर उन्होंने ही अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह को पीएम बनाया। रेवंत रेड्डी आगे लिखा कि भारत के स्वाधीनता संग्राम का नेतृत्व करने के साथ ही संविधान निर्माण तक में कांग्रेस की भूमिका थी। इसके अलावा ज्यादातर लोकतांत्रिक संस्थानों का गठन कांग्रेस की लीडरशिप में ही हुआ। कांग्रेस ने आधुनिक भारत के हर अध्याय की रचना की है। इस दौरान सीएम रेड्डी ने दिग्विजय सिंह का नाम नहीं लिया, लेकिन दो प्रधानमंत्रियों का जिक्र करके साफ कर दिया कि उनका इशारा किस ओर है। बता दें शशि थरूर के बयान से पहले ही कांग्रेस असहज रही है। ऐसे में अब दिग्विजय सिंह के ट्वीट ने एक नई बहस को जन्म दिया है। यह दूसरा मौका है, जब दिग्विजय सिंह ने किसी मसले पर आरएसएस की तारीफ की है। सिराज/ईएमएस 29दिसंबर25