राज्य
29-Dec-2025
...


:: चित्तौड़ा में संत कमल किशोर नागर महाराज की भागवत कथा में हुए शामिल; जमीन पर बैठ सादगी से सुनी कथा :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भागवत कथा और सत्संग केवल आध्यात्मिक अनुभूति का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये समाज में सदाचार, नैतिकता और समरसता की भावना को भी मजबूत करते हैं। जो तृप्ति और आनंद भगवान की भक्ति व सत्संग में मिलता है, वह भौतिक सुख-साधनों और छप्पन भोग में भी संभव नहीं है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को इंदौर के ग्राम चित्तौड़ा में प्रसिद्ध संत श्री कमल किशोर नागर महाराज की श्रीमद् भागवत कथा के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। :: सादगी की पेश की मिसाल :: कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की सादगी चर्चा का विषय रही। वे आम श्रद्धालुओं की भांति जमीन पर बैठकर कथा वचनों का श्रवण करते नजर आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुवर नागर जी के प्रवचन वर्षों से समाज को भक्ति के मार्ग पर ले जा रहे हैं। उन्होंने गौ-सेवा के प्रति महाराज जी के समर्पण की सराहना करते हुए संकल्प दोहराया कि मध्यप्रदेश को गौ-सेवा का मॉडल राज्य बनाया जाएगा। शासन द्वारा गौशालाओं के विकास और घर-घर गोपाल की अवधारणा को साकार करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। :: सिंहस्थ और जल संरक्षण पर जोर :: मुख्यमंत्री ने सनातन संस्कृति और सिंहस्थ स्नान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि क्षिप्रा नदी के शुद्धिकरण और जल संरक्षण के प्रयासों से आगामी सिंहस्थ को ऐतिहासिक और भव्य बनाया जाएगा। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में धर्म, संस्कृति और विकास के त्रिवेणी संगम के साथ कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर शहर और गाँव में गीता भवन बनाए जा रहे हैं। :: नीति और धर्म से ही संभव है प्रजा का कल्याण : नागर जी संत पं. कमल किशोर नागर महाराज ने मुख्यमंत्री की विनम्रता की सराहना करते हुए कहा कि जब शासन नीति और धर्म के साथ चलता है, तभी प्रजा की वास्तविक भलाई होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का व्यस्तता के बावजूद जमीन पर बैठकर कथा सुनना उनकी सादगी और गहरी आध्यात्मिक रुचि का प्रमाण है। इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रीना मालवीय, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े और कलेक्टर शिवम वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। प्रकाश/29 दिसम्बर 2025