राज्य
30-Dec-2025


नगरनिगम ने की कार्यवाही , एक लाख का स्पाट फाइन भी लगाया जबलपुर, (ईएमएस)। शहर एक अंतराल के बाद नगर निगम के एक दल ने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशों पर उक्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने चंडाल भाटा स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में दबिश देकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम को शहर के चंडाल भाटा नट बस्ती स्थित दीपक रोड लाइंस के गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन का भंडारण किये जाने की जानकारी प्राप्त हुई थी। इस सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने जब दीपक रोड लाइंस के गोदाम की तलाशी ली तो वहां लगभग 200 बोरी प्रतिबंधित पॉलीथिन पायी गई। इस पर नगर निगम ने न केवल उक्त अवैध स्टॉक को जब्त किया वरन पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित पक्ष पर 1 लाख रुपये का स्पॉट फाइन भी लगाया। इस कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा,सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज व अर्जुन यादव, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक अनंत दुबे व राधा पवार , किशन दुबे, दल प्रभारी लक्ष्मण कोरी,आदि उपस्थित रहे। अजय पाठक / मोनिका / 30 दिसंबर 2025/ 02.57