क्षेत्रीय
30-Dec-2025
...


धमतरी (ईएमएस)। जिले के नगरी विकासखंड में बहुप्रतीक्षित फुटहामुड़ा नहर निर्माण परियोजना अब तेज गति से आगे बढ़ रही है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक निर्णायक पहल मानी जा रही है, जिससे किसानों के जीवन में स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन आने की संभावना है। फुटहामुड़ा नहर का निर्माण गंगरेल जलाशय के सैंडल डैम, ग्राम फुटहामुड़ा से प्रारंभ होकर लगभग 19.74 किलोमीटर लंबाई में किया जा रहा है। परियोजना के पूर्ण होने पर नगरी विकासखंड के 22 ग्रामों के लगभग 1940 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सुनिश्चित सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। इससे खरीफ के साथ-साथ रबी फसलों का रकबा भी बढ़ेगा तथा किसानों की उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। परियोजना के क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक प्रगति पूरी कर ली गई है। मुख्य नहर से प्रभावित 10 ग्रामों में कुल 14.33 हेक्टेयर भूमि का भू-अर्जन पूर्ण हो चुका है। वहीं वन प्रकरण से प्रभावित 24.42 हेक्टेयर भूमि की अंतिम स्वीकृति भी प्राप्त हो गई है। इन स्वीकृतियों के साथ ही निर्माण कार्य में आने वाली प्रमुख प्रशासनिक बाधाएं समाप्त हो गई हैं और कार्य अब निर्बाध रूप से आगे बढ़ रहा है। जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग के अनुसार यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी। सुनिश्चित सिंचाई से किसानों की आय में वृद्धि होगी, कृषि आधारित रोजगार के अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने फुटहामुड़ा नहर परियोजना को नगरी क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर बताते हुए कहा, “यह परियोजना नगरी विकासखंड के किसानों को दीर्घकालीन लाभ प्रदान करेगी। प्रशासन की प्राथमिकता है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण हो। इससे कृषि समृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।” उल्लेखनीय है कि हाल ही में उच्च स्तरीय अधिकारियों द्वारा परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण प्रगति, तकनीकी पहलुओं एवं आवश्यक संसाधनों की गहन समीक्षा की गई थी। अधिकारियों के मार्गदर्शन में अब कार्य को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। फुटहामुड़ा नहर परियोजना नगरी अंचल में हरित क्रांति की नई शुरुआत के रूप में देखी जा रही है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/30 दिसम्बर 2025