-चीनी हरकतों के चलते कई फ्लाइट्स रद्द, दुनिया भर के यात्री होंगे परेशान ताइपे,(ईएमएस)। भारत और चीन समेत दुनिया के कई देश इन दिनों कड़ाके की ठंड से जूझ रहे हैं। इस सर्द मौसम में भी चीन ने तापमान बढ़ा दिया है और युद्ध की आशंका से दुनिया डरी हुई है। चीन ने अपनी तीनों सेनाओं थल, जल और वायु को ताइवान के सीमांत इलाकों के पास तैनात कर दिया है। इसके अलावा ताइवान बॉर्डर पर युद्धाभ्यास किए जा रहे हैं। इसमें वायुसेना भी शामिल है और इसके चलते आसपास के आसमान से विमानों के गुजरने से भी परहेज किया जा रहा है। ताइवान की एयर अथॉरिटीज का कहना है कि चीनी हरकतों के चलते बड़ी संख्या में फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ रहा है। इस वजह से दुनिया भर के करीब एक लाख यात्रियों पर असर पड़ेगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पिछले दिनों अमेरिका की ओर से ताइवान को 11 अरब डॉलर के हथियार देने के लिए मंजूरी मिली है। इससे चीन भड़का गया और वह ताइवान को वन चाइना प्लान के तहत अपना हिस्सा मानता है। ऐसी स्थिति में उसने अमेरिका के फैसले पर ऐतराज जताया है। यही नहीं पिछले दिनों जापान के पीएम सानाये ताकाची ने कहा था कि यदि चीन ने ताइवान पर कब्जा करने की कोशिश की तो हमारी सेना भी जंग में शामिल होगी। जापान के इस बयान से चीन और बौखला गया। यही नहीं चीनी नेतृत्व ने कहा है कि यह सही समय है, जब ताइवान को हमारे शासन के अंतर्गत आ जाना चाहिए। बयान में चीन ने अमेरिका या जापान का उल्लेख नहीं किया है। लेकिन उसके विदेश मंत्रालय ने यह जरूर कहा कि अमेरिका की मदद से ताइवान आजादी चाहता है। वहीं ताइवान का कहना है कि हम किसी भी स्थिति के लिए तैयार हैं और अपने सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया है। ताइवान ने कहा कि चीन दुनिया में शांति को खत्म करने वाला देश है। फिलहाल चीनी सेनाओं ने ताइवान को चारों तरफ से घेरकर डेरा डाल रखा है। चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता ने कहा कि हमारा सैन्य अभ्यास ताइवान की खाड़ी में हो रहा है। इसके अलावा उत्तर, दक्षिण पश्चिम और दक्षिण पूर्व दिशा में भी चल रहा है। सिराज/ईएमएस 30दिसंबर25