राज्य
30-Dec-2025
...


:: अब तक 2545 नागरिक बने यातायात पुलिस के सारथी; क्यूआर कोड स्कैन कर कोई भी बन सकता है अभियान का हिस्सा :: इन्दौर (ईएमएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए इंदौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ट्रैफिक प्रहरी” अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी मिसाल बन रही है। इस मुहिम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बेहतर कार्य करने वाले चार प्रहरियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। :: इन प्रहरियों का हुआ सम्मान :: पुलिस कमिश्नर ने अमित चटर्जी (गीताभवन चौराहा), बलवंत टपाल (पलासिया चौराहा), शीतल चौहान (विजयनगर चौराहा) और श्रवण बड़गुजर (यशवंत रोड चौराहा) को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया। सम्मान समारोह के दौरान नए जुड़ने वाले प्रहरियों को कैप, जैकेट, सिटी, लाइट बेटन और बैच प्रदान किए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह और पुलिस उपायुक्त (यातायात) आनंद कलादगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। :: जनता को सहभागी बनाने की मुहिम :: कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात प्रबंधन की प्रक्रिया से जोड़ना है। उन्होंने कहा, अब तक 2545 जागरूक नागरिक इस मुहिम से जुड़ चुके हैं। इससे न केवल चौराहों पर पुलिस को सहयोग मिल रहा है, बल्कि आम जनता में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। प्रहरियों के माध्यम से नियमों का पालन सुनिश्चित करने में सक्रिय मदद मिल रही है। :: ऐसे बन सकते हैं ट्रैफिक प्रहरी :: कोई भी जिम्मेदार नागरिक पुलिस द्वारा जारी क्यूआर कोड को स्कैन कर गूगल फॉर्म के माध्यम से इस अभियान से जुड़ सकता है। इसमें नागरिक अपनी सुविधानुसार समय और स्थान (चौराहे) का चयन कर सकते हैं। यह पहल उन लोगों के लिए एक बड़ा मंच है जो समाज सेवा और शहर की व्यवस्था सुधारने में अपना योगदान देना चाहते हैं। प्रकाश/30 दिसम्बर 2025