राज्य
31-Dec-2025
...


- जिला अध्यक्ष ने कार्यकारिणी को अवैध बताकर किया रद्द भोपाल (ईएमएस)। राजधानी भोपाल स्थित सेज विश्वविद्यालय में घोषित एनएसयूआई कार्यकारिणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जिला एनएसयूआई अध्यक्ष अक्षय तोमर ने इस कार्यकारिणी को अनाधिकृत और असंवैधानिक बताते हुए तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। कांग्रेस संगठन के भीतर जारी नियुक्तियों और आंतरिक खींचतान के बाद अब उसका असर छात्र संगठन एनएसयूआई में भी साफ नजर आने लगा है। कार्यकारिणी को लेकर जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने स्पष्ट किया कि सेज विश्वविद्यालय में एनएसयूआई की जिस कार्यकारिणी की घोषणा की गई, उसकी उन्हें कोई पूर्व जानकारी नहीं दी गई थी। सोशल मीडिया के जरिए सामने आई इस सूची को उन्होंने संगठनात्मक प्रक्रिया के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि संगठन के संविधान के तहत जिला अध्यक्ष की अनुमति और अनुमोदन के बिना किसी भी कार्यकारिणी का गठन वैध नहीं हो सकता। अपने आदेश में अक्षय तोमर ने कहा कि उक्त कार्यकारिणी के गठन अथवा उसके सार्वजनिक होने से पहले उनसे न तो सहमति ली गई और न ही कोई चर्चा हुई। यह न केवल संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन है, बल्कि पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने दो टूक कहा कि एनएसयूआई में मनमाने फैसलों के लिए कोई जगह नहीं है। कांग्रेस के बाद अब एनएसयूआई में सामने आया यह विवाद संगठन के भीतर गहराते मतभेदों की ओर इशारा कर रहा है। छात्र संगठन में नियुक्तियों को लेकर उठे इस सवाल ने नेतृत्व और समन्वय की स्थिति को भी उजागर कर दिया है। जिला अध्यक्ष ने संगठन की मर्यादा और संविधान का हवाला देते हुए सेज विश्वविद्यालय की तथाकथित एनएसयूआई कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से निरस्त घोषित किया है।