हरारे (ईएमएस)। जिम्बाब्वे की टी20 टीम के कप्तान सिकंदर रजा के छोटे भाई मुहम्मद महदी का मात्र 13 साल की उम्र में निधन हो गया है। रजा के भाई के असामयिक निधन से जिम्बाब्वे टीम और क्रिके बोर्ड दुखी है। रजा को टी20 विश्वकप से ठीक पहले हुई इस घटना से करारा झटका लगा है। वहीं ज़िम्बाब्वे क्रिकेट ने इस दुखद घटना पर एक भावुक बयान जारी करते हुए सिकंदर रजा और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की हैं। बोर्ड ने कहा कि प्रबंधन खिलाड़ी और स्टाफ इस मुश्किल समय में उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं।रजा के भाई मुहम्मद महदी जन्म से ही हीमोफीलिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित रहे थे। हाल के दिनों में उनकी तबीयत बिगड़ गयी थी। सिकंदर रजा ने अपने दुख को सोशल मीडिया के जरिए व्यक्त किया। उन्होंने टूटे हुए दिल का इमोजी पोस्ट किया। प्रशंसकों और साथी खिलाड़ियों ने भी उनके पोस्ट पर संवेदनाएं प्रकट कीं हैं। ईएमएस 01 जनवरी 2026