राष्ट्रीय
01-Jan-2026


नीतीश से ज्यादा उनके मंत्री दौलतमंद पटना,(ईएमएस)। नीतीश सरकार के मंत्रियों ने वर्ष 2025 के अंतिम दिन अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण सार्वजनिक कर दिया है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में सामने आया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तुलना में अधिकांश मंत्री कहीं अधिक अमीर हैं। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार और श्रम संसाधन मंत्री संजय टाइगर को छोड़कर सरकार के करीब सभी मंत्री करोड़पति हैं। कई मंत्रियों के पास हथियार, महंगे वाहन और बड़ी मात्रा में आभूषण भी हैं। जहां सूबे के मुखिया नीतीश के पास कुल 1.65 करोड़ रुपये की संपत्ति है। इसमें 17.66 लाख रुपये की चल और 1.48 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनके पास 20,552 रुपये नकद हैं और दो अंगूठियां—एक सोने की और एक चांदी की। मुख्यमंत्री के नाम पर कोई कृषि या कारोबारी भूमि नहीं है। वे गोपालन के शौकीन हैं और उनके पास 10 गायें और 13 बछड़े हैं। दिल्ली के द्वारिका में उनका एक फ्लैट है, इसे उन्होंने 2004 में खरीदा था। उनके ऊपर न कोई बैंक ऋण है और न ही किसी प्रकार का सरकारी या कर बकाया। वहीं उप मुख्यमंत्री और प्रदेश के गृह मंत्री सम्राट चौधरी के पास 1.35 लाख रुपये नकद और बैंक खातों में 17.45 लाख रुपये जमा हैं। उन्होंने बांड और बचत योजनाओं में भी निवेश किया है। पत्नी के नाम पर पटना के गोला रोड में फ्लैट और 4.91 करोड़ की गैर-कृषि भूमि है। उनके पास एक रिवॉल्वर और एक राइफल, 2023 मॉडल की बोलेरो गाड़ी तथा करीब 20 लाख रुपये के गहने हैं। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय सिंह के पास 85 हजार रुपये नकद और बैंकों में 20.55 लाख रुपये जमा हैं। राजीव नगर में 2.54 करोड़ रुपये का भवन, 20.25 लाख के गहने और हथियार उनके नाम दर्ज हैं। उनकी पत्नी के पास भी गहने और कार है। पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के पास कुल 2.55 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें कृषि भूमि और रिहायशी मकान शामिल हैं। अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन के पास करीब 97.65 लाख रुपये की चल संपत्ति है। उनके परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर भी चल संपत्ति दर्ज है। पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता वाहनों के शौकीन हैं। उनके पास फॉर्च्यूनर और टाटा सफारी जैसी महंगी गाड़ियां हैं। ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी की पत्नी उनसे कई गुना अधिक संपत्तिवान हैं। मंत्री के बैंक खातों में जहां 53 लाख रुपये हैं, वहीं उनकी पत्नी के खातों में 22 करोड़ 54 लाख रुपये जमा हैं। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के पास कुल 1.32 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। उनके और उनकी पत्नी के नाम पर बैंक जमा और गहने दर्ज हैं। कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के पास कम नकदी है, लेकिन उनके पास 315 बोर की एक राइफल है। पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रमा निषाद के पास सबसे अधिक आभूषण हैं—दो किलो सोना और छह किलो चांदी। उनकी कुल चल संपत्ति 3.75 करोड़ रुपये से अधिक है। आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद के पास एक बंदूक, एक राइफल और तीन वाहन हैं। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान के पास पिस्टल और कैमूर में कृषि व गैर-कृषि भूमि है। श्रम संसाधन मंत्री संजय टाइगर की चल संपत्ति करीब 32 लाख रुपये है, जबकि गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार की कुल संपत्ति लगभग 23 लाख रुपये है। आशीष दुबे / 01 जनवरी 2026