राज्य
02-Jan-2026
...


- प्रोफेसर पर छात्रा के साथ अशोभनीय व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप धर्मशाला (ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला कॉलेज की एक पूर्व छात्रा की मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। परिजनों की शिकायत पर कॉलेज के एक प्रोफेसर और तीन छात्राओं के खिलाफ रैगिंग और प्रताड़ना के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। छात्रा की 26 दिसंबर 2025 को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, धर्मशाला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75, 115(2), 3(5) और एंटी-रैगिंग कानून की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कांगड़ा के एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि केस की जांच की जा रही है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी धर्मशाला कॉलेज में सेकंड ईयर की छात्रा थी। 18 सितंबर 2025 को कॉलेज की तीन छात्राओं ने उसके साथ मारपीट की और उसे डराया-धमकाया। इसके अलावा, एक प्रोफेसर पर छात्रा के साथ अशोभनीय व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इलाज के दौरान छात्रा ने अपने डाइंग डिक्लेरेशन में कहा था कि “अशोक सर पीछे पड़ जाते थे, अजीब हरकतें करते थे और शरीर को छूते थे।” उसने यह भी बताया कि एक छात्रा ने उसे बोतल से मारा और पढ़ाई नहीं करने दी। पिता का कहना है कि प्रताड़ना के चलते बेटी डिप्रेशन में चली गई थी और तीन महीने से उसका इलाज चल रहा था। 20 दिसंबर को उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।