- एनएसएस छात्राओं को सेल्फ डिफेंस व साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी कांकेर(ईएमएस)। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे महिला जन जागरूकता अभियान के तहत ग्राम पंचायत लारगांव, मरकाटोला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनएसएस की छात्राओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के साथ-साथ साइबर सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर आयोजित इस महिला सुरक्षा जन जागरूकता अभियान के तहत रक्षा टीम द्वारा एनएसएस कैम्प ग्राम पंचायत लारगांव, मरकाटोला में पहुंचकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा लहरे ने छात्राओं को आत्मरक्षा के उपाय, महिला सुरक्षा से जुड़े कानून और पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय उत्तर बस्तर कांकेर की महिला सेल से एएसआई शारदा यादव ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में पीड़ितों को मिलने वाली क्षतिपूर्ति योजना और परामर्श केंद्र की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभिव्यक्ति एप की उपयोगिता बताई गई और मौके पर ही 7 महिलाओं के मोबाइल फोन में अभिव्यक्ति एप डाउनलोड कराया गया। साथ ही महिलाओं को अपनी सुरक्षा और बचाव के लिए आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। ईएमएस(राकेश गुप्ता)05 जनवरी 2026