बालाघाट (ईएमएस). यूनाइटेड शोतोकान कराते एसोसिएशन इंडिया (यूएसके इंडिया) के सहयोग से गुरुकुल कराते अकादमी द्वारा ओपन नेशनल कराते चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ रविवार को किया गया। दो दिवसीय इस स्पर्धा का समापन 12 जनवरी को किया जाएगा। इस आयोजन का नेतृत्व सेंसई आकाश झा, आयोजन सचिव एवं यूएसके मध्यप्रदेश प्रतिनिधि द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाडिय़ों में उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। दर्शकों ने भी रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया। प्रदेश सचिव आकाश झा ने बताया कि स्पर्धा में देश के सात राज्यों के 375 खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया है। जिनमें छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार राज्य शामिल हैं। प्रतियोगिता में बालक-बालिकाओं सहित विभिन्न आयु और वजन वर्ग के खिलाड़ी अपनी कराते कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। यूएसके इंडिया के जनरल सेक्रेटरी शिहान वरुण पांडेय ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवीन, उभरते एवं आर्थिक रूप से कमजोर खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। इस दो दिवसीय चैंपियनशिप से चयनित खिलाड़ी आगामी 7 व 8 फरवरी को हैदराबाद में आयोजित इंटरनेशनल कराते प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजकों ने बताया कि स्पर्धा के समापन अवसर पर सांसद, पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य मौसम बिसेन, विधायक गौरव पारधी, नगर पालिका अध्यक्ष भारती सुरजीत ठाकुर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा लिल्हारे, नेहरू स्पोर्टिंग क्लब अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी, नगर पालिका उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, भाजयुमो पूर्व जिला अध्यक्ष गजेंद्र भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ता हितेश अजीत सहित अन्य शामिल होंगे। भानेश साकुरे / 11 जनवरी 2026