राज्य
11-Jan-2026
...


:: जल संसाधन मंत्री सिलावट ने इंदौर में कृषि रथों को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी विशेषज्ञों की टोली :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष (कृषक कल्याण वर्ष) के रूप में मनाए जाने के संकल्प के साथ रविवार को इसका भव्य शुभारंभ हुआ। जहाँ एक ओर भोपाल के जंबूरी मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल ट्रैक्टर रैली और कृषक सम्मेलन के जरिए इस अभियान का शंखनाद किया, वहीं इंदौर में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कृषि महाविद्यालय प्रांगण से कृषि रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंत्री सिलावट ने बताया कि जिले के प्रत्येक विकासखंड में एक-एक कृषि रथ भ्रमण करेगा। इन रथों में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे विभागों के विषय विशेषज्ञ (तकनीकी दल) तैनात रहेंगे। यह दल सीधे किसानों के बीच पहुंचकर उन्हें खेती से जुड़ी समस्याओं का समाधान और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मौके पर ही उपलब्ध कराएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन्नत अनुसंधान को प्रयोगशाला से निकालकर सीधे खेतों तक पहुँचाना है। :: आधुनिक खेती और मूल्य संवर्धन पर जोर :: अभियान के तहत किसानों को कृषि को लाभ का धंधा बनाने के लिए नई तकनीकों, उन्नत बीजों और आधुनिक यंत्रों के प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा। विशेषज्ञों द्वारा जैविक और प्राकृतिक खेती के साथ-साथ फलों, सब्जियों, फूलों की खेती (फ्लोरीकल्चर), मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के गुर सिखाए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ मूल्य संवर्धन के जरिए किसानों की आय में क्रांतिकारी वृद्धि करना है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि श्रवणसिंह चावड़ा, श्रीमती किरण सूर्यवंशी सहित कृषि विभाग के संयुक्त संचालक आलोक मीणा, उप संचालक सी.एल. केवड़ा और सहायक संचालक संदीप यादव सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, वैज्ञानिक और प्रगतिशील कृषक मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने नई तकनीकों के प्रति भारी उत्साह दिखाया। प्रकाश/11 जनवरी 2026