:: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर पेश की सादगी की मिसाल; बोले- किसान की समृद्धि ही सरकार का मुख्य ध्येय :: इन्दौर/भोपाल (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की धरती पर रविवार को कृषि क्षेत्र में एक नए स्वर्ण युग का उदय हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल से कृषक कल्याण वर्ष 2026 का भव्य शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेशभर से आए किसानों की 1101 ट्रैक्टरों की विशाल रैली ने राजधानी की सड़कों पर अपनी एकजुटता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। ट्रैक्टरों के इस अनुशासित एवं विराट काफिले ने न केवल एक नया कीर्तिमान रचा, बल्कि राज्य सरकार की किसान-हितैषी नीतियों के प्रति अटूट विश्वास भी प्रकट किया। :: जब सारथी बने मुख्यमंत्री : सादगी ने जीता दिल :: कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब दिखा, जब मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वयं ट्रैक्टर की कमान संभाली। प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना एक साधारण किसान की तरह ट्रैक्टर चलाकर उन्होंने संवेदनशील नेतृत्व का जीवंत उदाहरण पेश किया। मुख्यमंत्री की इस सहजता और किसानों के श्रम के प्रति उनके गहरे सम्मान को देखकर उपस्थित जनसमुदाय भाव-विभोर हो उठा। किसानों ने गगनभेदी जयघोष के साथ अपने किसान मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार का केंद्र बिंदु किसान, नारी, युवा और गरीब ही हैं। :: 16 विभागों का समन्वय और 16% विकास दर का लक्ष्य :: मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 को आधिकारिक रूप से कृषक कल्याण वर्ष घोषित करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल रिकॉर्ड उत्पादन ही नहीं, बल्कि कृषि लागत में कमी और किसानों की शुद्ध आमदनी में वृद्धि करना है। इस संकल्प की सिद्धि के लिए शासन के 16 प्रमुख विभाग आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड पर कार्य करेंगे। उन्होंने गौरव के साथ उल्लेख किया कि प्रदेश की कृषि विकास दर 16 प्रतिशत तक पहुँच चुकी है, जो राज्य की नीतिगत सफलताओं का प्रत्यक्ष प्रमाण है। पूरे वर्ष चलने वाले विकास एवं मंगल कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की जाएगी। प्रकाश/11 जनवरी 2026