कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने लगाया आरोप, कहा भाजपा सांसद ने लाभ का धंधा छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिला चिकित्सालय में एमआरआई मशीन की जांच के लिए शुल्क को कम करने के सांसद की घोषणा पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कमलनाथ और नकुलनाथ ने 5 वर्ष पूर्व मेडिकल कॉलेज को अत्याधुनिक एमआईआरमशीन नि:शुल्क प्रदान की थी। भाजपा सरकार पहले तो इस मशीन का संचालन नहीं कर पाई फिर भाजपा के सांसद ने इसे लाभ के धंधे में तब्दील कर दिया। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है जांच पर दरें तय करना। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि कमलनाथ ने स्व.महेन्द्र नाथ की स्मृति में महेन्द्र नाथ मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से व्यक्तिगत व्यय पर मेडिकल कॉलेज को यह मशीन दी थी। 6.5 करोड़ की अत्याधुनिक मशीन निशुल्क जन सेवार्थ प्रदान की थी लेकिन इससे जांच पर मरीजों से 5 से 9 हजार रुपए का शुल्क क्यों वसूला जा रहा था? जबकि आउटसोर्स कम्पनी को न्यूनतम 1100 रुपए की दर पर टेंडर मिला था, इसके बावजूद इतने वर्षों तक जांच के नाम पर 5 से 9 हजार रुपए की शुल्क आम जनता से क्यों वसूली ?आम जनता से लूट करने का अधिकार किसने दिया? क्या सांसद के लोग यहां से लाभ उठा रहे थे? 3 वर्षों तक मशीन को बंद क्यों रखा गया। जांचें शुरू हुई तो टेंडर के अनुरूप राशि लेने की बजाए अधिक राशि वसूली गई। अब दरें कम करने का नया झांसा जनता के बीच पेश किया गया है। ओक्टे ने कहा कि सांसद दरें तय कर इसे लाभ का धंधा बना रहे हैं यह उचित नहीं है। ईएमएस/मोहने/ 14 जनवरी 2026