मुंबई,(ईएमएस)। महाराष्ट्र की बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) सहित राज्य की 29 नगर निगमों में गुरुवार सुबह 7:30 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है और सुबह से ही मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मुंबई, पुणे, नागपुर, ठाणे, डोंबिवली समेत कई शहरों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। सुबह के समय कई प्रमुख हस्तियों ने मतदान कर आम नागरिकों को प्रेरित किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर के एक मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव एक अनिवार्य हिस्सा है। नागरिकों का यह कर्तव्य है कि वे संतुलित सोच के साथ जनहित को ध्यान में रखते हुए योग्य उम्मीदवार का चयन करें। उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ उन्होंने सुबह-सुबह मतदान कर अपना दायित्व निभाया।केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपने परिवार के साथ वोट डाला। उन्होंने मतदान केंद्र पर देखे गए अनुभव साझा करते हुए कहा कि दक्षिण मुंबई में उन्होंने 80 वर्ष से अधिक उम्र के एक बुजुर्ग दंपती को बेहद लगन और जिम्मेदारी के साथ वोट डालने आते देखा, जो हर मुंबईवासी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर कई बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी नजर आए, जो यह दर्शाता है कि लोग अपने अधिकार और कर्तव्य के प्रति सजग हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने पुणे के वार्ड नंबर 31 स्थित मतदान केंद्र पर परिवार के साथ मतदान किया। उन्होंने कहा कि पुणे नगर निगम चुनाव में जनता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं और कार्यों को जनता ने देखा है और उसी के आधार पर निर्णय करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पुणे का मेयर भाजपा से ही बनेगा। प्रसिद्ध क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी गुरुवार सुबह मुंबई के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। उन्होंने कहा कि मतदान एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए हर नागरिक अपनी राय और विचार व्यक्त कर सकता है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे अपने मताधिकार का जरूर उपयोग करें, क्योंकि मतदान लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता प्रकाश जावड़ेकर ने भी मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। शिवसेना नेता शाइना एनसी ने भी अपने मत का प्रयोग किया। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने डोंबिवली में अपने परिवार के साथ मतदान किया। पूर्व राज्यपाल राम नाईक ने मुंबई के पहाड़ी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने कहा कि उनकी आदत हमेशा पहले जाकर मतदान करने की रही है। उन्होंने बताया कि एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में मतदान के दौरान पोलिंग स्टाफ और अधिकारियों से मिलकर व्यवस्थाओं को समझने का अवसर मिलता है, जिससे यह पता चलता है कि प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है या नहीं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में कुल 2,869 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जिनमें अकेले बीएमसी की 227 सीटें शामिल हैं। मतदान की प्रक्रिया शाम 5:30 बजे तक जारी रहेगी। चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/15जनवरी2026