क्षेत्रीय
15-Jan-2026


बालाघाट (ईएमएस). अनुभाग बैहर, परसवाड़ा अंतर्गत बैगा महोत्सव 2026 का आयोजन जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा की पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस महोत्सव के अंतर्गत पारंपरिक बैगा खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम व फाइनल मुकाबले 17 व 18 जनवरी को प्रगति मैदान मलांजखंड (तहसील बिरसा) में आयोजित होंगे। जानकारी के अनुसार 17 जनवरी को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। वहीं 18 जनवरी को कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10.30 बजे होगा, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सुबह खिलाडिय़ों का एकत्रीकरण, अतिथियों का आगमन, पूजन, स्वागत होगा। इसके बाद रस्साकशी, त्रिटंगी दौड़, कबड्डी, पिट्टू, खो-खो, तीरंदाजी, गिल्ली-डंडा, वॉलीबॉल, कंचे एवं बोरा दौड़ जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। दोपहर 3 से शाम 4.30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें विभिन्न ग्रामों और कन्या छात्रावासों की सहभागिता रहेगी। शाम 4.30 बजे से अतिथियों का उद्बोधन एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन शाम 5 बजे आभार प्रदर्शन के साथ होगा। एसडीएम बैहर अर्पित गुप्ता ने समस्त क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करें, विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा की पारंपरिक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों में सहभागी बनें। भानेश साकुरे / 15 जनवरी 2026