राज्य
16-Jan-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली मेट्रो अंतिम मील कनेक्टिविटी सेवा शुरू कर रही है, जिससे यात्रियों को स्टेशनों से गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। सहकार टैक्सी के साथ साझेदारी में बाइक टैक्सी, ऑटो और कैब उपलब्ध होंगे। दिल्ली मेट्रो अब सिर्फ सफर का साधन नहीं, बल्कि घर से गंतव्य तक की पूरी यात्रा का समाधान बनने जा रही है। यात्रियों की सुविधा और प्रदूषण कम करने के लक्ष्य के साथ दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने इंटीग्रेटेड लास्ट माइल कनेक्टिविटी सेवा शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत मेट्रो स्टेशनों से आगे की यात्रा अब और आसान, किफायती और डिजिटल होगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन एनसीआर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की रीढ़ बन चुकी है। रोजाना लाखों यात्री तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा का लाभ उठा रहे हैं। लेकिन मेट्रो स्टेशन से अंतिम गंतव्य तक पहुंचना अब तक एक बड़ी चुनौती रहा है। इसी कमी को दूर करने के लिए डीएमआरसी ने संगठित लास्ट माइल सेवाओं को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की पहल की है। इस साझेदारी के तहत मेट्रो यात्रियों को बाइक टैक्सी, ऑटो रिक्शा और कैब सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यात्री दूरी, समय और किराये के अनुसार विकल्प चुन सकेंगे। इससे अनऑर्गेनाइज्ड और असुरक्षित साधनों पर निर्भरता कम होगी। डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि, पहले चरण में यह लास्ट माइल कनेक्टिविटी सेवा 10 चिन्हित मेट्रो स्टेशनों से शुरू की जाएगी। पायलट प्रोजेक्ट के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर और बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर 31 जनवरी 2026 तक विशेष बाइक टैक्सी सेवाएं शुरू होंगी। इस दौरान यात्रियों की प्रतिक्रिया और संचालन की व्यवहारिकता का आकलन किया जाएगा। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/16/ जनवरी/2026