बिलासपुर (ईएमएस)। बुधवार सुबह एक कार बेकाबू होकर 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद कार में आग लग गई, जिससे उसमें सवार 2 लोगों की मौत हो गई। दोनों तातापानी महोत्सव में टेंट का काम करने के लिए समान लेकर निकले थे। घटना मोरगा पुलिस चौकी क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार गोपाल चंद्र डे और अरुण सेन बिलासपुर के तोरवा के रहने वाले थे। दोनों बुधवार तडक़े तातापानी में चल रहे महोत्सव में टेंट का काम करने के लिए समान लेकर निकले थे। तातापानी जाते वक्त कोरबा के मदनपुर फॉरेस्ट बैरियर के पास उनकी कार बेकाबू होकर 30 फिट गहरी खाई में जा गिरी। कार पूरी तरह से चरमरा गई और आग लग गई। हादसे में गोपाल चंद्र डे और अरुण सेन घायल हो गए। जब वो बाहर निकलने की कोशिश करते उसके पहले ही कार में आग लग चुकी थी। देखते ही देखते आग ने कार को पूरी चपेट में ले लिया। राहगीरों ने जलती हुई कार देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोरगा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों की जलकर मौत हो चुकी थी। पुलिस ने किसी तरह मृतकों के परिजनों से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। मृतकों के परिजन बुधवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।