राज्य
19-Jan-2026
...


- गुजरात से असम ले जाई जा रही थी अमानक पॉलीथीन की बड़ी खेप - 46,000 रूपये का जुर्माना अधिरोपित गुना (ईएमएस)। गुना पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्‍न अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों पर सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुना श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे और उनकी टीम द्वारा प्रतिबंधित पॉलीथीन के अवैध परिवहन के विरूद्ध सतर्कता बरतते हुए की बड़ी कार्यवाही की गई है । आज दिनांक 18 जनवरी 2026 को धरनावदा थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि इंदौर की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन का परिवहन करते हुए ग्वालियर की तरफ जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए रुठियाई चौकी से पुलिस की एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा पगारा टोल प्लाजा पर पहुंचकर संदिग्ध ट्रक के आने की प्रतीक्षा की गई। जैसे ही संबंधित ट्रक टोल पर पहुंचा, पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए उसे रोका गया, ट्रक चालक ने अपना नाम विक्रम सिंह पुत्र सुरेश सिंह उम्र 39 साल निवासी ग्राम बडवारा जिला पंचकुला (हरियाणा) का बताया एवं मुखबिर सूचना के आधार पर ट्रक की विधिवत जांच की गई। जिसमें ट्रक से 309 बैग, प्रत्येक बैग में 30 किलोग्राम के मान से कुल 9,270 किलोग्राम (9.27 टन) पॉलिथीन बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि उक्त पॉलिथीन गुजरात के हालोल से गुवाहाटी (असम) ले जाई जा रही थी। चूंकि मामला नगर पालिका एवं प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित था, अतः पुलिस द्वारा तत्काल नगर पालिका राघौगढ़ एवं प्रदूषण विभाग को सूचित किया गया। सूचना पर प्रदूषण विभाग के अधिकारी श्री डी.एस. यादव एवं नगर पालिका की ओर से उपयंत्री श्री विशाल शर्मा एवं श्री अनुराग शर्मा रुठियाई चौकी पहुंचे। उनके द्वारा मौके पर पहुंचकर ट्रक सहित बरामद पॉलिथीन को अपने कब्जे में लिया गया तथा संबंधित नियमों के तहत विधिवत कार्यवाही की गई एवं पर्यावरण संरक्षण अधिनियम एवं प्रतिबंधित पॉलिथीन उपयोग के प्रावधानों के अंतर्गत प्रकरण में 46,000/-रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। यह कार्यवाही पुलिस एवं प्रशासन के आपसी समन्वय से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम है। धरनावदा थाना पुलिस की सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही से न केवल अवैध पॉलिथीन परिवहन का खुलासा हुआ, बल्कि पर्यावरण को होने वाले संभावित नुकसान को भी समय रहते रोका जा सका। धरनावदा थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कटारे, सउनि सैय्यद साजिद हुसैन, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सेंगर, आरक्षक सत्येन्द्र गुर्जर, आरक्षक मोहर सिंह किरार, आरक्षक धर्मेन्द्र धाकड़ एवं आरक्षक ऋषीकेश धर्मा की विशेष भूमिका रही है। - सीताराम नाटानी