कांकेर(ईएमएस)। शहर में सुख, शांति और समृद्धि की कामना को लेकर शांतिनगर वार्ड स्थित बड़े कंकालिन माता मंदिर परिसर में भव्य पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर आहुतियां दीं और शहर की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। बीते तीन वर्षों से माघ मास में पूरे शहर की सुख-शांति हेतु गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में तीसरे वर्ष भी गायत्री पांच कुंडीय महायज्ञ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे माता कंकालिन और गायत्री माता की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद मोहल्लेवासियों के साथ शहर की खुशहाली के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई। इसके पश्चात पांच कुंडीय महायज्ञ प्रारंभ हुआ, जिसमें भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया। महायज्ञ का आयोजन जगदीश साहू, नवल किशोर यादव, देवकरण सिन्हा और तन्मय साहू द्वारा कराया गया। हवन के पश्चात दीपदान किया गया और यज्ञ के माध्यम से सभी के कल्याण व सुख-शांति की कामना की गई। इस अवसर पर 2 वर्षीय शिवानी साहू का जन्मदिन भी धार्मिक वातावरण में मनाया गया, साथ ही अन्य संस्कार भी विधि-विधान से संपन्न कराए गए। कार्यक्रम के दौरान पुसवन संस्कार महिला प्रभावती ठाकुर, कुलेश्वरी ठाकुर और डाली ठाकुर का किया गया। साथ ही स्मृति दिवस भी मनाया गया। पूजा-हवन में शांतिनगर, एमजी वार्ड, कंकालिन पारा, अघन नगर लट्टीपारा, भावसिंह नगर और अघन नगर के बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने हिस्सा लिया। गायत्री परिवार के मुख्य ट्रस्टी बिसेलाल कोड़ोपी ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की व्यापक सहभागिता यह दर्शाती है कि समाज में आध्यात्मिक चेतना और एकता लगातार मजबूत हो रही है। कार्यक्रम में कंकालिन मंदिर समिति के अध्यक्ष संतोष पटेल, संरक्षक अशोक धुरव, साथ ही आलोक तिवारी, सुनीता यादव, लक्ष्मी कश्यप, चंद्रिका साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ईएमएस(राकेश गुप्ता)19 जनवरी 2026