- दो नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार बिलासपुर (ईएमएस)। रात के साढ़े नौ बजे साइकिल की धीमी आवाज, मंदिर से लौटते एक श्रद्धालु और अचानक पीछे से दौड़ते चार लोग। गालियां, धक्का-मुक्की और फिर जेब व मोबाइल पर हाथ साफ। सरकंडा थाना क्षेत्र में लूटपाट कर दहशत फैलाने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नवधा रामायण पाठ से घर लौट रहे एक व्यक्ति को घेरकर मोबाइल और नकदी लूटने के मामले में दो नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी की रात करीब 9.30 बजे प्रार्थी रामगोपाल तिवारी (55 वर्ष) नवधा रामायण पाठ में शामिल होकर बगदई मंदिर के पास से साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे महर्षि कश्यप नगर कॉलोनी के पास पहुंचे, चार युवकों ने रास्ता रोक लिया। गाली-गलौच के बाद हाथ-मुक्कों से मारपीट कर आरोपियों ने उनसे मोबाइल और 1000 रुपए नकद लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी और दावा किया कि इससे पहले भी कई लोगों को लूटा जा चुका है। पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अशोक नगर अटल आवास मैदान में घेराबंदी कर चारों को हिरासत में लिया। पूछताछ में करन यादव उर्फ केडी 19 वर्ष और दुर्गेश साहू उर्फ मुंडा 20 वर्ष ने नाबालिग साथियों के साथ लूट की घटनाएं कबूल कीं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 19 जनवरी 2026